महामारी से सामना कर रही दुनिया की कमियां हो रहीं उजागर: अकबरुद्दीन
30 अप्रैल को संयुक्त राष्ट्र में भारतीय प्रतिनिधि सैयद अकबरुद्दीन का कहना है कि महामारी के इस संकट के बीच दुनिया की और भी कमियां सामने आ रहीं हैं जैसे आर्थिक मंदी।
नई दिल्ली, प्रेट्र। संयुक्त राष्ट्र (United Nation) में भारत के पूर्व स्थायी प्रतिनिधि राजदूत सैयद अकबरुद्दीन (Syed Akbaruddin) ने सोमवार को कहा कि महामारी के कारण चुनौतियों का सामना कर रही दुनिया की कमियां सामने आ रही है। दुनिया भर के देशों में इस घातक वायरस के संक्रमण पर रोक लगाने के लिए लॉकडाउन लागू है जिससे वैश्विक आर्थिक मंदी की चुनौती भी मुंह बाए खड़ी है। इस महामारी के कारण दुनिया भर में 35 लाख से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं जिनमें से ढ़ाई लाख से अधिक लोगों की अब तक मौत हो चुकी है।
अकबरुद्दीन ने कहा कि नॉवेल कोरोना वायरस के कारण फैली महामारी से माना कर रहे दुनिया के तमाम देशों में वैश्विक प्रशासन प्रणाली की कमियां भी उजागर हुई हैं। उन्होंने आगे कहा कि महामारी का खतरा टल जाने के बाद हमें अपनी व्यवस्था को तत्काल बदलना होगा नहीं तो वैश्विक शासन संकट नई तरह से व्यवस्था को सामान्य होने में बाधक बनेगा। भारत का पक्ष हमेशा संयुक्त राष्ट्र में रखने वाले अकबरुद्दीन ने कहा, 'घरेलू स्तर पर विभिन्न तरह की चुनौतियों का सामना करने के बावजूद भारत ने कोविड-19 से निपटने के लिए वैश्विक सार्वजनिक वस्तुओं के क्षेत्रीय और बहुपक्षीय स्तरों की आपूर्ति से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहयोग के साथ काम करने की अपनी क्षमता सबके सामने रखी है।'
उल्लेखनीय है कि कोरोना वायरस के कारण फैले महामारी के मद्देनजर 15 देशों के संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में पांच अस्थायी सदस्यों के लिए चुनाव 17 जून को सुनिश्चित किया गया है। संयुक्त राष्ट्र आम सभा के अध्यक्ष तिजानी मोहम्मद-बंदे (Tijjani Muhammad-Bande) चुनाव की प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए ऑनलाइन वोटिंग समेत विभिन्न गतिविधियों पर चर्चा कर रहे हैं। 30 अप्रैल को सैयद अकबरुद्दीन अपने पद से रिटायर हो गए। अकबरुद्दीन के बाद इस पद के लिए राजनयिक टीएस त्रिमूर्ति (TS Trimurti) को नामित किया गया है।