वंदे भारत मिशन की फ्लाइट्स के लिए केंद्र सरकार ने जारी किया एसओपी
केंद्र सरकार ने वंदे भारत मिशन के जरिए चलाई जा रही स्पेशल फ्लाइट्स के लिए मानक संचालन प्रोटोकॉल (SOP) लागू किया है।
नई दिल्ली, एएनआइ। केंद्र सरकार ने वंदे भारत मिशन के जरिए चलाई जा रही स्पेशल फ्लाइट्स के लिए मानक संचालन प्रोटोकॉल (SOP) लागू किया है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के दिशानिर्देशों के अनुसार, यात्रा का खर्च यात्रियों को वहन करना होगा। नए नियम के मुताबिक, बोर्डिंग के समय सभी यात्रियों को थर्मल स्क्रीनिंग से गुजरना पड़ेगा। इसके साथ ही सिर्फ बिना लक्षण वाले यात्रियों को बोर्ड पर अनुमित मिलेगी।
एसओपी के नियम के मुताबिक, यात्रा के लिए पात्र व्यक्तियों की श्रेणी को समय-समय पर गृह मंत्रालय द्वारा अनुमति दी जाएगी। नागरिक उड्डयन मंत्रालय अपनी वेबसाइट पर भारत से बाहर यात्रा करने के लिए पात्र व्यक्तियों की श्रेणी प्रदर्शित करेगा। यात्रा करने के दौरान मास्क पहनना और सफाई का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
दिशानिर्देशों के अनुसार, "वंदे भारत उड़ानों के यात्रियों को विदेश में भारतीय मिशनों के साथ खुद को पंजीकृत करना होगा। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि विदेश में फंसे 11,23,000 भारतीयों को वंदे भारत मिशन तहत भारत लाया गया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि वंदे भारत मिशन के चल रहे चरण 5 में, 22 विभिन्न देशों से अब तक लगभग 500 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें और 130 घरेलू फीडर संचालित की गई है।
बता दें कि देशभर में कोरोना वायरस लॉकडाउन के चलते देश-विदेश में फंसे लोगों को लिए वंदे भारत मिशन और ऑपरेशन अभियान चलाया गया है। इसके तहत काफी संख्या में भारतीय की वतन वापसी नहीं हुई है। देश में इस वक्त संक्रमितों का आंकड़ा 31 लाख 6 हजार के पार पहुंच गया है वहीं मौत का आंकड़ा 57 हजार के पार पहुंच गया है। देश में भारत तीसरे नंबर पर संक्रमित देश है। दुनिया में अमेरिका सहसे ज्यादा संक्रमित देश है वहीं दूसरे नंबर पर संक्रमित देश ब्राजील है। वैश्विक स्तर पर संक्रमितों का आंकड़ा 2 करोड़ 34 लाख 24 हजार के पार पहुंच गया है। वहीं मरनेवालों की संख्या 8 लाख 8 हजार के पार पहुंच गया है।