विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फ्यूल में मिलाने के​ लिए अमेरिका से एथनॉल का आयात नहीं, केंद्र सरकार ने ऐसी खबरों को बताया निराधार

Published: Fri, 07 Aug 2026 02:00 AM (IST)

केंद्र सरकार ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की बातचीत में ईंधन मिश्रण के लिए अमेरिका से ...और पढ़ें

फ्यूल में मिलाने के​ लिए अमेरिका से एथनॉल का आयात नहीं- केंद्र सरकार (सांकेतिक तस्वीर)

फ्यूल में मिलाने के​ लिए अमेरिका से एथनॉल का आयात नहीं- केंद्र सरकार (सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने हाल में आईं ऐसी खबरों को बताया निराधार

  2. कहा- ब्लेंडिंग के लिए एथनॉल घरेलू उत्पादकों से लिया जा रहा

पीटीआई, नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की बातचीत में ईंधन मिश्रण के लिए अमेरिका से एथनॉल आयात करने को लेकर कोई छूट या वादा नहीं किया गया है।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने जारी बयान में कहा कि देश का एथनॉल मिश्रण कार्यक्रम पूरी तरह घरेलू नीति के अनुसार चलता है और पेट्रोल में मिलाए जाने वाले एथनाल की आपूर्ति केवल भारतीय उत्पादकों से की जाती है।

मंत्रालय ने हाल के उन मीडिया दावों को खारिज किया, जिनमें कहा गया था कि भारत अमेरिका से बड़े पैमाने पर एथनॉल आयात करने की तैयारी कर रहा है।

सरकार ने इसे पूरी तरह निराधार और तथ्यहीन बताते हुए कहा कि ईंधन मिश्रण के लिए अमेरिका से किसी प्रकार का एथनाल का आयात नहीं किया जाता है और न ही ऐसी कोई योजना है।

सरकार के अनुसार, भारत की एथनॉल मिश्रित पेट्रोल (ई20) योजना घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने और ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने के उद्देश्य से लागू की जा रही है। इस कार्यक्रम के तहत 80 प्रतिशत पेट्रोल और 20 प्रतिशत एथनाल का मिश्रण उपयोग में लाया जा रहा है।

यह स्पष्टीकरण ऐसे समय आया है जब आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि केंद्र सरकार भविष्य में डीजल और विमान ईंधन (एटीएफ) में भी एथनाल मिलाने की योजना बना रही है।

उन्होंने लोगों से फिलहाल नई पेट्रोल और डीजल गाड़ियां खरीदने से बचने की अपील भी की थी। गौरतलब है कि भारत और अमेरिका के बीच मार्च से व्यापार समझौते पर बातचीत जारी है।

अब तक आठ दौर की वार्ताएं हो चुकी हैं और दोनों देश द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण के लिए रूपरेखा भी तय कर चुके हैं। सरकार ने दोहराया कि व्यापार वार्ताओं का देश की मौजूदा एथनाल नीति पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

बांग्लादेश ने भारत से अधिक डीजल आपूर्ति की मांग की

ढाका से प्रेट्र के अनुसार बांग्लादेश ने गुरुवार को भारत से अतिरिक्त डीजल आपूर्ति की मांग की है ताकि वह चल रही बिजली और गैस की कमी से निपट सके। भारतीय राजदूत दिनेश त्रिवेदी और बांग्लादेश के बिजली, ऊर्जा और खनिज संसाधन मंत्री इकबाल हसन महमूद के बीच बातचीत में बिजली और ऊर्जा क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया गया।