विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'केंद्र सरकार हटा रही विरोधियों की इंस्टग्राम पोस्ट,' अभिजीत दीपके सहित कई लोगों ने की शिकायत

Published: Wed, 28 Oct 2026 01:46 PM (IST)

केंद्र सरकार पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर सरकार विरोधी पोस्ट हटाने का आरोप लगा है। कॉकरोच जनता पार्टी के ...और पढ़ें

अभिजीत दीपके की तस्वीर (फाइल)।

अभिजीत दीपके की तस्वीर (फाइल)।

HighLights

  1. सरकार पर इंस्टाग्राम से विरोधी पोस्ट हटाने का आरोप।

  2. अभिजीत दीपके ने कहा सेंसरशिप से बढ़ेगा अविश्वास।

  3. वरुण ग्रोवर, लाइव लॉ के पोस्ट भी हटाए गए।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर सरकार विरोधी पोस्ट के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। ये कहना है कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक सदस्य अभिजीत दीपके का। उन्होंने केंद्र पर आवाज दबाने का आरोप लगाया।

बुधवार सुबह एक पोस्ट में, दीपके ने आरोप लगाया कि सरकार रोज हजारों ऐसे पोस्ट हटा रही हो जो सरकार की आलोचना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इंस्टाग्राम पर की जा रही यह कार्रवाई काम नहीं आएगी।

अकाउंट खत्म करने से सवाल नहीं खत्म होंगे

उन्होंने कहा कि सरकार हर दिन हजारों पोस्ट और अकाउंट हटा रही है, लेकिन ऐसा लगता है कि वो एक बुनियादी बात भूल रही है। इंस्टाग्राम तो बस एक ऐसा प्लेटफॉर्म है जहां लोग अपने सवाल उठा रहे हैं। इन सवालों के पीछे की वजहें सोशल मीडिया से कहीं बाहर मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि अकाउंट हटाने से ये सवाल खत्म नहीं हो जाएंगे।

सेंसरशिप से बढ़ेगा अविश्वास

उन्होंने सरकार से कहा कि सेंसरशिप से अविश्वास और बढ़ेगा। इसको लेकर उन्होंने एक चेतावनी भी जारी की। दीपके ने कहा कि असल में, इस सेंसरशिप से उन लोगों के बीच और भी ज्यादा अविश्वास पैदा होने का खतरा है, जिनके प्रति सरकार जवाबदेह है।

आशुतोष रांका ने भी लगाया आरोप

अभिजीत दीपके के सहयोगी आशुतोष रांका ने भी कुछ ऐसा ही आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि हजारों पोस्ट ब्लॉक किए जा रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि देश में हजारों इंस्टाग्राम अकाउंट्स पर पाबंदी लगाई गई है और लाखों वीडियो हटाए गए हैं।

सरकार के खिलाफ पोस्ट ब्लॉक हो रहे 


इससे पहले सरकार की आलोचना करने वालों ने भी ये आरोप लगाया है कि सरकार उनके पोस्ट को ब्लॉक कर रही है। अब इस कड़ी में सीजेपी नेताओं ने आवाज उठाई है। व्यंग्यकार और गीतकार वरुण ग्रोवर ने शिकायत करते हुए कहा कि उनकी एक कविता वाली पोस्ट को इंस्टाग्राम ने हटा दिया है। यह पोस्ट एक व्यंग्यात्मक कविता थी, जिसे ग्रोवर ने सरकार के '2047 विकसित भारत' के वादे पर लिखा था।

सरकार पर कसा तंज

ग्रोवर ने एक्स पर इंस्टाग्राम के उस मैसेज का स्क्रीनशॉट शेयर किया है। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा इस मासूम सी कविता के म्यूजिकल वर्जन को एक डरपोक सरकार ने इंस्टाग्राम से हटवा दिया। शायद 2047 में यह पाबंदी हटा दी जाएगी। वरुण ग्रोवर की पोस्ट पर इंस्टाग्राम के संदेश में लिखा था कि भारत के कानून (IT एक्ट) के तहत इसे प्रतिबंधित किया गया है।

केंद्र सरकार पर मनमानी करने का आरोप

वहीं, एक और व्यंग्यकार, 'देशभक्त' ने भी शिकायत की कि उनके कंटेंट को सेंसर किया गया है। उन्होंने गुस्से में एक पोस्ट में कहा केंद्र की सरकार पूरी तरह से बौखला गई है और इंस्टाग्राम पर मनमानी कर रही है। यहां तक कि जोक्स को भी नहीं छोड़ा जा रहा है।

लाइव लॉ की रील्स हटाने का भी मामला आया सामने

वहीं कानूनी समाचार देने वाली वेबसाइट 'लाइव लॉ' ने भी बताया कि उसके भी एक पोस्ट को हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कि "इंस्टाग्राम ने 'लाइव लॉ' के आधिकारिक पेज पर चुनाव आयोग के हलफनामे के बारे में डाली गई रील को हटा दिया है। यह रील सिर्फ आयोग के पक्ष को समझाने के लिए थी। इंस्टाग्राम ने इसे यह कहते हुए हटा दिया कि 'हमें इस कंटेंट को प्रतिबंधित करने के लिए कानूनी अनुरोध मिला है। बता दें कि सीजेपी (CJP की शुरुआत एक इंस्टाग्राम मूवमेंट के तौर पर हुई थी।