विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 19, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पीएम मोदी का बड़ा एलान, टीकाकरण के तीसरे चरण में 1 मई से 18 साल से ऊपर सभी लोगों को दी जाएगी वैक्सीन

By Dhyanendra Singh ChauhanEdited By:
Published: Mon, 19 Apr 2021 07:23 PM (IST)Updated: Tue, 20 Apr 2021 06:54 AM (IST)

डॉक्टरों के साथ आज हुई बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए एक साल ...और पढ़ें

एक मई से टीकाकरण का तीसरा चरण शुरू होगा
एक मई से टीकाकरण का तीसरा चरण शुरू होगा

नई दिल्ली, एएनआइ। देश में फैली कोरोना महामारी के बीच केंद्र सरकार कोरोना टीकाकरण का तीसरा चरण शुरू करने जा रही है। सरकार के अनुसार एक मई से टीकाकरण का तीसरा चरण शुरू होगा। इसमें 18 वर्ष से ऊपर सभी आयु के लोगों को कोरोना का टीका लगाया जाएगा। डॉक्टरों के साथ आज हुई बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि पिछले एक साल से सरकार पूरी कोशिश कर रही है कि देश में ज्यादा से ज्यादा लोगों को वैक्सीन की डोज दी जाए। इसलिए सरकार यह एलान कर रही है कि अब 18 साल से ऊपर सभी लोगों को एक मई से कोरोना का टीका लगाया जाए।

डॉक्टरों के साथ आज हुई बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए एक साल से कड़ी मेहनत कर रही है कि देश के लोग अधिक से अधिक संख्या में  कम से कम समय में वैक्सीन प्राप्त कर सकें।

राज्य सीधे कंपनियों से खरीद सकेंगे वैक्सीन

पीएम मोदी ने कहा कि टीकाकरण अभियान के तीसरे चरण में टीकों की खरीद और टीका लगवाने की पात्रता में ढील दी जा रही है। राज्यों को वैक्सीन खरीदने और बांटने की भी छूट दी जाएगी। वैक्सीन बनाने वाली कंपनियां राज्यों को 50 प्रतिशत वैक्सीन दे सकेंगी। राज्य सीधे कंपनियों से वैक्सीन खरीद सकेंगे।

देश में 16 जनवरी से शुरू हुआ था टीकाकरण

बता दें कि देश में कोरोना का टीकाकरण 16 जनवरी से शुरू किया गया था। अब तक देश में कुल बारह करोड़ से ज्यादा लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है। अब तक सरकार ने केवल फ्रंटलाइन श्रमिकों और 45 से ऊपर के लोगों के लिए टीकाकरण की अनुमति दी थी।

गौरतलब है कि भारत में कोरोना वायरस के खिलाफ टीकाकरण अभियान में अब तक 12 करोड़ से ज्यादा टीके लगाए जा चुके हैं। अन्य देशों की तुलना में भारत में टीकाकरण की रफ्तार सबसे तेज है। 12 करोड़ टीके लगाने में अमेरिका को 97 और चीन को 108 दिन लगे थे, जबकि भारत ने मात्र 92 दिनों में ही यह मुकाम हासिल कर लिया है। रविवार तक 18,15,325 सत्रों में लाभार्थियों को कुल 12 करोड़ 26 लाख 22 हजार 590 टीके लगाए गए हैं। इनमें से 1.5 करोड़ से ज्यादा लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज लगाई जा चुकी है।