राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को अब तक 45.73 करोड़ से अधिक वैक्सीन की खुराक की गई प्रदान
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को अब तक सभी स्रोतों के माध्यम से 45.73 करोड़ से अधिक (457330110) कोरोना रोधी वैक्सीन की खुराक प्रदान की गई है ।
नई दिल्ली, एएनआइ। देश में तेजी से कोरोना के खिलाफ टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। केंद्र सरकार राज्यों को बड़ी संख्या में वैक्सीन उपलब्ध करा रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को अब तक सभी स्रोतों के माध्यम से 45.73 करोड़ से अधिक (45,73,30,110) कोरोना रोधी वैक्सीन की खुराक प्रदान की गई है। राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश को देने के लिए 24 लाख से अधिक (24, 11,000) वैक्सीन की खुराक अभी पाइपलाइन में हैं। मंत्रालय ने आगे कहा कि राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों और निजी अस्पतालों के पास अभी वैक्सीन की 2.28 करोड़ से ज्यादा खुराक उपलब्ध है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में पिछले 24 घंटों में 66,03,112 कोरोना रोधी वैक्सीन लगाई गईं हैं, जिसके बाद देश में कुल टीकाकरण का आंकड़ा 44,19,12,395 हो गया है।
वैक्सीन आपूर्ति श्रृंखला को किया जा रहा सुव्यवस्थित: केंद्र
मंत्रालय ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को वैक्सीन उपलब्धता कराई जा रही है, ताकि टीकाकरण अभियान को और तेज और वैक्सीन आपूर्ति श्रृंखला को सुव्यवस्थित किया जा सके। राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के हिस्से के रूप में भारत सरकार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मुफ्त में कोरोना के टीके उपलब्ध करा रही है।
देश में कोरोना के सक्रिय मामलों की कुल संख्या चार लाख से नीचे
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटों के अंदर भारत में 29,689 नए कोरोना के मामले सामने आए हैं और 415 नई मौतें हुई हैं। पिछले 24 घंटों में 42,363 लोग कोरोना की बीमारी से ठीक हुए हैं। कोरोना बीमारी से ठीक हुए लोगों की कुल संख्या 3,06,21,469 हो गई है। देश में कोरोना के सक्रिय मामलों की कुल संख्या 3,98,100 है। देश में अब तक कोरोना के कुल मामलों की संख्या 3,14,40,951 हो गई है। देश में कोरोना महामारी से मरने वालों की कुल संख्या 4,21,382 हो गई है।