विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 06, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कांग्रेस के आरोपों पर केंद्र ने जताई कड़ी आपत्ति

By Gunateet OjhaEdited By:
Published: Wed, 06 Sep 2017 09:32 PM (IST)

गौरी लंकेश की हत्या पर गडकरी ने सोनिया और राहुल के बयान को बताया गैर जिम्मेदाराना...

कांग्रेस के आरोपों पर केंद्र ने जताई कड़ी आपत्ति
कांग्रेस के आरोपों पर केंद्र ने जताई कड़ी आपत्ति

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। वरिष्ठ पत्रकार गौरी लंकेश की हत्या के सिलसिले में विरोधियों के आरोपों पर भाजपा व केंद्र सरकार ने कड़ी आपत्ति जताई है। केंद्रीय सड़क, परिवहन व राजमार्ग मंत्री नीतिन गडकरी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी व उपाध्यक्ष राहुल गांधी के बयान को गैरजिम्मेदाराना करार दिया है। जबकि केंद्रीय गृहमंत्रालय ने इस मामले में कर्नाटक सरकार से रिपोर्ट मांगी है।

नीतिन गडकरी ने बिना जांच के ही गौरी लंकेश की हत्या के लिए भाजपा, आरएसएस और यहां तक प्रधानमंत्री पर उंगली उठाने पर घोर आपत्ति जताई है। उन्होंने साफ कर दिया है कि भाजपा या पार्टी से जुड़ा कोई संगठन गौरी लंकेश की हत्या में शामिल नहीं है। उन्होंने इन मुद्दे पर मोदी की चुप्पी को लेकर आलोचना करने वालों को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सभी मामलों पर प्रतिक्रिया नहीं कर सकते और वैसे भी वे अभी देश से बाहर हैं। गौरतलब है कि राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री की चुप्पी पर सवाल उठाया था।

गौरी लंकेश मौत के बाद सोनिया गांधी के बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए नीतिन गडकरी ने कहा कि यह आरोप आधारहीन है, झूठा है और लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। गडकरी ने आरोप लगाया कि कर्नाटक की कानून-व्यवस्था राज्य सरकार की जिम्मेदारी है, जो कांग्रेस सरकार के हाथों में है। इसके लिए प्रधानमंत्री को कैसे जिम्मेदार ठहराया जा सकता है। वहीं भाजपा की ओर कर्नाटक के पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार ने लंकेश की हत्या के त्वरित जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि हत्यारों को तत्काल पकड़ा जाना चाहिए। उनका इशारा कर्नाटक की कांग्रेस सरकार की ओर था।

यह भी पढ़ेंः गौरी लंकेश मर्डर केसः हत्यारों की तलाश में जुटी पुलिस, भाई ने की CBI जांच की मांग