छत्तीसगढ़ सरकार का फैसला, सीबीआई करेगी सीडी कांड की जांच
राजस्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला हुआ है।
नई दुनिया, रायपुर। अश्लील सीडी का केस अब सीबीआइ के हवाले किया जाएगा। राजस्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला हुआ है। बैठक शनिवार की शाम मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की अध्यक्षता में हुई।
इधर, भाजपा कार्यकर्ताओं ने किसी भी तरह की जांच से पहले ही सीडी को फर्जी बता दिया। पटाखे फोड़कर जश्न मनाया और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल के बंगले में पहुंचकर कालिख पोती। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचकर धरना दिया और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की गिरफ्तारी की मांग की। अब इस मुद्दे पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बघेल का कहना है कि भाजपाई पहले जांच रिपोर्ट तो आने दें। उन्होंने बंगले में कालिख पोतने वालों पर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग भी की है।
सोशल मीडिया में वायरल अश्लील वीडियो को लेकर छत्तीसगढ़ में दो दिन से राजनीतिक घमासान मचा हुआ है। इसलिए, शनिवार को मंत्रालय में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में इस मामले पर भी चर्चा हुई। विपक्ष के आरोपों को देखते हुए मंत्रिमंडल ने तय किया कि सीडी की जांच राज्य पुलिस से न कराकर सीधे सीबीआई को मामला सौंप दिया जाए। मंत्रिमंडल में यह तय होने से पहले ही मंत्री राजेश मूणत के बंगले में 500 की संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता जमा हो गए। उनका दावा है कि वायरल वीडियो फर्जी है। वे लोग जुलूस निकालकर न्यू शांतिनगर स्थित पीसीसी अध्यक्ष के बंगले पहुंचे। यहां पुलिस के सामने ही उन्होंने बंगले की दीवार और पीसीसी अध्यक्ष की नेमप्लेट पर कालिख पोत दी। वापस लौटते समय भाजयुमो कार्यकर्ताओं को गांधी उद्यान के पास पुलिस ने घेर लिया। पुलिस सभी को कंट्रोल रूम ले गई। यहां भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने पीसीसी अध्यक्ष और कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पीसीसी अध्यक्ष की आईटी एक्ट के तहत तत्काल गिरफ्तारी की मांग भी की। पीसीसी अध्यक्ष दोपहर को ही अपने क्षेत्र पाटन निकल गए थे।
सीडी लेकर कांग्रेसी गिरफ्तारी देने थाना पहुंचे
शनिवार दोपहर को शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष विकास उपाध्याय के नेतृत्व में महिला नेत्रियों के साथ पार्टी के कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस को सीडी दी, हालांकि ये ब्लैंक सीडी थी। कांग्रेसियों ने कहा कि उनके पास भी वायरल हुए वीडियो की सीडी है, पुलिस उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेज दे।
मंत्री बंगला पहुंचे आप कार्यकर्ता गिरफ्तार
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं की दो टुकडि़यां अलग-अलग समय में मंत्री राजेश मूणत के सिविल लाइन स्थित बंगला में प्रदर्शन करने के लिए पहुंचे। शुक्रवार से ही बंगले के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया था, इसलिए बंगले में घुसने से पहले आम आदमी पार्टी के 20 कार्यकर्ताओं को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया।
इस मामले में पुलिस ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस के सोशल मीडिया मार्केटिंग कंसल्टेंट व पत्रकार विनोद वर्मा को शुक्रवार तड़के इंदिरापुरम के महागुन मेंशन फेज-वन सोसायटी से गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस का कहना है कि विनोद वर्मा के पास से पांच सौ सीडी मिली हैं जिनमें छत्तीसगढ़ के लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत के अश्लील वीडियो हैं। विनोद वर्मा पूर्व में कई अखबारों से जुड़े रहे हैं।
यह भी पढ़ें: पत्रकार विनोद का बड़ा खुलासा, मेरे पास छत्तीसगढ़ के एक कद्दावर मंत्री की सेक्स सीडी