इसरो के कार्टोसैट-2 लांच के लिए उल्टी गिनती शुरू
शुक्रवार को इसरो की ओर से कार्टोसैट 2 के साथ 30 उपग्रहों को अंतरिक्ष में भेजा जाएगा जिसके लिए आज से उल्टी गिनती शुरू हो गयी है।
चेन्नई (जेएनएन)। ध्रुवीय उपग्रह प्रक्षेपण यान (पीएसएलवी) के साथ भारत के पृथ्वी अवलोकन उपग्रह कार्टोसैट व 30 अन्य उपग्रहों (29 विदेशी व एक भारतीय) को शुक्रवार सुबह लांच किया जाएगा और इसकी उल्टी गिनती अब शुरू हो गयी है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान (इसरो), मिशन रेडिनेस रिव्यू (एमआरआर) कमेटी व लांच ऑथोराइजेशन बोर्ड (एलएबी) ने स्पष्ट किया कि गुरुवार सुबह 5.28 बजे से 28 घंटों की उल्टी गिनती शुरू हो गयी है।
शुक्रवार को भारत की ओर से 30 उपग्रहों और 712 किग्रा वजन वाले पृथ्वी अवलोकन उपग्रह कार्टोसैट 2 सीरीज को लांच किया जाएगा। इसरो के अनुसार, श्रीहरकोटा रॉकेट पोर्ट से शुक्रवार सुबह 9.29 मिनट पर पीएसएलवी रॉकेट का एक्सएल वैरिएंट लांच किया जाएगा। 30 सैटेलाइट का कुल वजन 243 किग्रा व कार्टोसैट समेत 31 सैटेलाइटों का कुल वजन 955 किग्रा है। 30 सह-यात्री उपग्रह में से 29 उपग्रह 14 देशों- ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, ब्रिटेन, चिली, चेक गणराज्य, फिनलैंड, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, लाटविया, लिथुआनिया, स्लोवाकिया तथा अमेरिका से हैं। एक भारतीय नैनो सैटेलाइट 15 किग्रा वजन वाला NIUSAT तमिलनाडु के नूरल इस्लाम यूनिवर्सिटी से है।
यह भी पढ़ें: 30 नैनो सैटेलाइट के साथ कार्टोसैट-2 को लांच करेगा इसरो