दौसा-मनोहरपुर NH पर टायर फटने से खाई में गिरी कार, खाटू श्याम से दर्शन कर लौट रहे 4 श्रद्धालुओं की मौत
राजस्थान के दौसा-मनोहरपुर नेशनल हाईवे पर टायर फटने से एक कार खाई में गिर गई, जिसमें खाटू श्याम से लौट ...और पढ़ें

HighLights
दौसा-मनोहरपुर NH पर कार का टायर फटा।
खाटू श्याम दर्शन कर लौट रहे 4 लोगों की मौत।
हादसे के बाद NH-148 पर लगा लंबा जाम।
डिजिटल डेस्क, जयपुर। राजस्थान के दौसा-मनोहरपुर नेशनल हाईवे (NH-148) पर शुक्रवार की सुबह बड़ा हादसा हो गया। रायसर के पास एक कार का टायर फटने से चार लोगों की मौत हो गई।
टायर फटते ही कार बेकाबू होकर सड़क किनारे एक गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में चार लोगों की मौत और दो अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
खाटू श्याम के दर्शन कर लौट रहे थे यात्री
राजस्थान में ये हादसा सुबह छह बजे के करीब हुआ। टायर फटते ही ड्राइवर का कार से कंट्रोल छूट गया। इसके बाद कार खाई में जाकर गिरी, जिससे चार लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद के लिए पुलिस को फोन किया। इस दौरान स्थानीय लोगो ने गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाल लिया। घायलों को अस्पताल में बेहतर इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। वहीं मृतकों के शवों को मोर्चरी भेजा दिया गया है।
टायर फटना ही हादसे की मुख्य वजह
रायसर के थाना प्रभारी राजपाल सिंह ने बताया कि हादसे की मुख्य वजह टायर फटना ही था। इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान हो चुकी है। इसमें अतुल. रुपेश, मुकुल और शिवा के तौर पर हुई है। सभी आगरा के निवासी थे। सभी खाटू श्याम से दर्शन कर वापस घर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि इस हादसे में राहुल और अर्पित दोनों गंभीर रूप से घायल हैं।
हादसे के बाद लगा जाम
इस हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की काफी लंबी लाइन लग गई। दौसा-मनोहरपुर नेशनल हाईवे पर जाम लग गया। घायलों को अस्पताल भेजने तक जाम लगा रहा। इसके बाद पुलिस ने जाम को खत्म करवाया। जाम की वजह से करीब एक घंटे तक यात्रियों को परेशानी हुई। पुलिस ने क्रेन की मदद से खाई में गिरी कार को बाहर निकाला। वहीं राजस्थान के दौसा के एक और हादसे में दिल्ली से कोटा जा रहा एक लोडिंग टेम्पो खाई में पलट गया। इस हादसे में पांच लोग घायल हो गए हैं।
(समाचार एंजेसी IANS की जानकारी के साथ)
