Coronavirus Updates: वुहान में फंसे 100 भारतीयों को लाएगा सी-17 सैन्य विमान
विदेश मंत्रालय ने कहा कि चिकित्सा सामग्री की खेप वुहान भेजने का फैसला महामारी से जूझ रहे चीन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त करने का एक प्रतीकात्मक तरीका है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि भारत चिकित्सा सामग्री लेकर जो विमान वुहान (चीन) भेज रहा है वह विमान लौटते वक्त कोरोना वायरस प्रभावित इस शहर से करीब 100 भारतीयों को लेकर आएगा। इस महीने एयर इंडिया दो अलग-अलग उड़ानों के जरिये वुहान से 640 भारतीयों को वापस ला चुका है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा कि चीन जाने और वहां से आने के संदर्भ में परामर्श बरकरार हैं, लेकिन वहां की यात्रा पर कोई पाबंदी नहीं है। भारत वुहान में फंसे भारतीयों को निकालने और वहां चिकित्सा सामग्री की आपूर्ति के लिए सी-17 सैन्य परिवहन विमान भेजने को तैयार है। भारत को इस संदर्भ में चीन से मंजूरी का इंतजार है।
अन्य देशों के नागरिकों को भी देंगे जगह
रवीश कुमार ने कहा, 'जो लोग वापस आने के इच्छुक हैं उनसे दूतावास से संपर्क करने के लिए कहा गया है.. क्षमता और अन्य साजो-सामान की गुंजाइश रहने पर हम अन्य देशों के नागरिकों को भी इसमें जगह देंगे।' उन्होंने कहा कि चिकित्सा सामग्री की खेप वुहान भेजने का फैसला महामारी से जूझ रहे चीन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त करने का एक प्रतीकात्मक तरीका है।
उन्होंने कहा कि विमान से वापस लाए जाने वाले भारतीयों के नामों को सूचीबद्ध करने की कवायद जारी है। हम भारतीय नागरिकों (चीन में) के कल्याण पर नियमित आधार पर नजर रख रहे हैं। हमने वुहान और हुबेई प्रांत में लोगों को सलाह दी है कि एहतियात बरतें और स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें।
जापानी क्रूज पर विदेश मंत्रालय रख रहा नजर
जापान में क्रूज जहाज पर कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए आठ भारतीयों के संदर्भ में रवीश कुमार ने कहा कि भारतीय पक्ष जापानी अधिकारियों के संपर्क में है जिससे अगले कदम पर काम किया जा सके। कई संभावनाएं हैं जिन्हें देखा जा रहा है। जापान में भारतीय दूतावास नियमित जानकारी दे रहा है। वे हालात पर करीबी नजर रख रहे हैं। क्रूज जहाज को पृथक रखने की प्रक्रिया बुधवार को खत्म हो गई। जहाज से यात्रियों को निकाला जाना जारी है और इसमें कुछ दिन लगेंगे। पहले यात्रियों को निकाला जा रहा है बाद में चालक दल सदस्यों को उतारा जाएगा। वायरस से संक्रमित आठ भारतीयों का एक स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति में सुधार है।
एयर इंडिया ने 30 जून तक स्थगित की उड़ानें
एयर इंडिया ने चीन के लिए अपनी उड़ानों की स्थगन समय अवधि 30 जून तक के लिए बढ़ा दी है। पिछले महीने उसने अपनी दिल्ली-शंघाई उड़ानों को 31 जनवरी से 14 फरवरी तक स्थगित करने की घोषणा की थी, लेकिन 15 फरवरी के बाद भी उसने उड़ान बहाल नहीं की थी। एयर इंडिया ने अपनी दिल्ली-हांगकांग उड़ानों को भी 30 जून तक के लिए स्थगित कर दिया है। इससे पहले इंडिगो और स्पाइस जेट भी चीन के लिए अपनी उड़ानें स्थगित कर चुकी हैं।
कोरोना वायरस पीडि़त को मिली अस्पताल से छुट्टी
कोरोना वायरस से पीडि़त भारत के पहले मरीज को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। केरल की इस महिला का त्रिशूर के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा था। महिला की जांच रिपोर्ट दो बार निगेटिव आने के बाद मेडिकल बोर्ड ने उसे डिस्चार्ज करने का फैसला किया।