देश की पहली बुलेट ट्रेन की इतने रुपये में कर पाएंगे सवारी
रेल मंत्रालय ने बुधवार को मुंबई और अहमदाबाद के बीच चलाई जाने वाली बुलेट ट्रेन का खाका पेश किया। सरकार ने बुलेट ट्रेन के किराये का प्रस्ताव भी रखा।
नई दिल्ली, आइएएनएस। देश में बुलेट ट्रेन हकीकत बनने की ओर चल पड़ी है। रेल मंत्रालय ने बुधवार को मुंबई और अहमदाबाद के बीच चलाई जाने वाली बुलेट ट्रेन का खाका पेश किया। इसके अलावा बुलेट ट्रेन का किराया फर्स्ट क्लास एसी श्रेणी के मौजूदा किराए से डेढ़ गुना होने का प्रस्ताव रखा।
उदाहरण के लिए मुंबई और अहमदाबाद के बीच चलने वाली दूरंतो एक्सप्रेस के एसी फर्स्ट क्लास का किराया 2,200 है। इस हिसाब से बुलेट ट्रेन का किराया करीब 3,300 होगा। रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने कहा कि पहले फेज में इस रेल नेटवर्क पर ट्रेन की अधिकतम गति 350 किलोमीटर प्रति घंटा होगी और संचालन गति 320 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी। ट्रेन दोनों स्टेशनों की 508 किलोमीटर की दूरी 2.07 घंटे में तय करेगी।
हालांकि रास्ते में स्टेशनों पर ठहराव के बाद यह 2.58 घंटे का समय लेगी। सिन्हा ने लोकसभा में अन्नाद्रमुक के जी. हरि के सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चीन के सहयोग से नई दिल्ली-चेन्नई कॉरिडोर के हिस्से के तौर पर दिल्ली-नागपुर के बीच बुलेट ट्रेन के लिए व्यवहार्यता अध्ययन कराए जाने का फैसला किया गया है।
गौरतलब है कि रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने पिछले सप्ताह लोकसभा में चर्चा के दौरान महंगे होने को लेकर बुलेट ट्रेन की आलोचना को खारिज कर दिया था। उन्होंने कहा कि जापान से मात्र 0.1 फीसद ब्याज दर पर एक लाख करोड़ रुपये के ऋण का सरकार ने इंतजाम कर लिया है।
देश की पहली बुलेट ट्रेन
-मुंबई और अहमदाबाद के बीच चलेगी।
-508 किलोमीटर है दोनों स्टेशनों के बीच की दूरी।
-जापान में टोक्यो से ओसाका की 550 किमी दूरी तय करने वाली बुलेट ट्रेन का किराया है करीब 8,500 रुपये।
-मुंबई-अहमदाबाद प्रस्तावित बुलेट ट्रेन 2.58 घंटे में यात्रा पूरी करेगी।
-पहले चरण में अधिकतम संचालन गति 320 किमी प्रति घंटा रहेगी।
-रूट में होंगे 12 स्टेशन-मुंबई, ठाणे, विरार, बोइसार, वापी, बिलिमोरा, सूरत, भरुच, वडोदरा, आणंद, अहमदाबाद और साबरमती।
-परियोजना पर कुल खर्च होंगे करीब 97,636 करोड़ रु.।
-2023 तक रोजाना दोनों तरफ से करीब 36,000 यात्री होने की उम्मीद।
-2053 तक यात्रियों की संख्या बढ़कर 1,86000 हो जाएगी।