विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बजट सत्र से पहले सरकार ने बुलाई सर्वदलीय बैठक, 27 जनवरी को विपक्ष संग होगा मंथन

Published: Sat, 24 Jan 2026 07:46 PM (IST)Updated: Sat, 24 Jan 2026 08:38 PM (IST)

सरकार ने आगामी बजट सत्र से पहले 27 जनवरी को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। यह सत्र 28 जनवरी को राष्ट्रपति ...और पढ़ें

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र से पहले सरकार ने विधायी और अन्य एजेंडों पर चर्चा के लिए 27 जनवरी को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। बजट सत्र 28 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के लोकसभा और राज्यसभा के संयुक्त सत्र को संबोधित करने के साथ शुरू होगा।

केंद्रीय बजट इस बार एक फरवरी को पेश किया जाएगा, जो कि रविवार है। यह वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का लगातार नौवां बजट होगा। सरकारी सूत्रों के अनुसार, ''संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक 27 जनवरी को सुबह 11 बजे संसद भवन के मुख्य समिति कक्ष में होगी।''

कब तक चलेगा बजट सत्र

बजट सत्र 2 अप्रैल तक चलेगा। पहला चरण 13 फरवरी को समाप्त होगा और संसद नौ मार्च को पुन: सत्र शुरू करेगी। एक आंतरिक परिपत्र के अनुसार, लोकसभा ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के लिए अस्थायी रूप से तीन दिन (दो से चार फरवरी) आवंटित किए हैं।

28 जनवरी और एक फरवरी को शून्यकाल नहीं होगा। लोकसभा में नौ विधेयक लंबित हैं, जिनमें विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान बिल 2025, प्रतिभूति बाजार संहिता 2025 और संविधान (एक सौ उनतीसवां संशोधन) बिल 2024 शामिल हैं। इन बिलों की वर्तमान में संसदीय स्थायी या चयन समितियों द्वारा जांच की जा रही है।

जिन्हें शेख हसीना ने किया बैन, उन्हीं बांग्लादेशी कट्टरपंथियों के करीब आ रहा अमेरिका; रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा