पाकिस्तान ने फिर किया सीजफायर का उल्लंघन, बीएसएफ ने दिया करारा जवाब
जम्मू-कश्मीर के नौशेरा सेक्टर में बुधवार और गुरुवार की मध्यरात्रि को युद्ध विराम के उल्लंघन के बाद भारतीय पक्ष से जवाबी गोलीबारी में दो पाकिस्तानी सैनिक घायल हो गए थे।
श्रीनगर, एएनआइ। पाकिस्तानी सेना द्वारा शुक्रवार की सुबह जम्मू-कश्मीर के अरनिया सेक्टर में युद्ध विराम का उल्लंघन किया गया। पाक आर्मी ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के सैनिकों पर चेतावनी स्वरूप गोलियां चलाईं। इस गोलीबारी में किसी के घायल होने की जानकारी नहीं है।
बीएसएफ द्वारा जारी किए गए बयान में कहा गया है, 'आज सुबह पाकिस्तानी रेंजर्स ने हमारे उन सैनिकों पर कुछ गोलियां चलाईं जो अरनिया सेक्टर में ट्रैक्टर के साथ बाड़ से आगे काम कर रहे थे। यह गोलियां सैनिकों को चेतावनी देने के लिए चलाई गईं, इसके बाद हमारे सैनिकों ने भी कुछ राउंड फायरिंग की।'
उन्होंने बताया कि इसके बाद सीमा रेखा के दोनों ओर से कुछ मोर्टार भी दागे गए। लेकिन इस दौरान किसी सैनिक के शहीद या घायल होने की जानकारी नहीं है।
बता दें कि इससे पहले, जम्मू-कश्मीर के नौशेरा सेक्टर में बुधवार और गुरुवार की मध्यरात्रि को युद्ध विराम के उल्लंघन के बाद भारतीय पक्ष से जवाबी गोलीबारी में दो पाकिस्तानी सैनिक घायल हो गए थे। वहीं संघर्ष विराम में एक महिला की मौत हो गई और उसका पति घायल हो गया। पाकिस्तानी सैनिकों ने क्षेत्र में सुबह 120 मिमी मोर्टार दागे थे।
गौरतलब है कि भारतीय गृहमंत्री राज नाथ सिंह ने पहले कहा था कि उन्होंने सीमा पार की फायरिंग पर पाकिस्तान के साथ प्रभावी ढंग से व्यवहार करने के लिए बीएसएफ को 'फ्री हैंड' कर दिया है।
इसे भी पढ़ें: 'पाक समर्थित अातंकियों द्वारा सैनिकों पर हमले के बाद चुप नहीं बैठेगा भारत'