डोली-पालकी नहीं, अपनी शादी में बुलेट चलाकर पहुंची यह दुल्हन
आयशा उपाध्याय दबंग स्टाइल में शादी के जोड़े के साथ गॉगल्स पहनकर बुलेट पर सवार होकर मंडप तक पहुंची।
अहमदाबाद। आमतौर पर दुल्हन शादी के मंडप या स्थल पर डोली में जाती है या फिर किसी लग्जरी गाड़ी में, लेकिन अहमदाबाद की एक दुल्हन ने इन सारी पुरानी परंपराओं को तोड़ दिया। यह दुल्हन अपने शादी के पांडाल तक बुलेट बाइक चलाकर पहुंची। अहमदाबाद की रहने वाली इस दुल्हन को लोगों ने 'बुलेट रानी' नाम दिया है।
अहमदाबाद निवासी इस बुलेट रानी का नाम है आयशा उपाध्याय। आयशा को बुलेट चलाने का काफी शौक है। आयशा उपाध्याय की शादी शुक्रवार को हुई। उसने अपनी शादी के लिए पांडाल में आने के लिए डोली या पालकी नहीं बल्कि बुलेट को चुना। आयशा दबंग स्टाइल में शादी के जोड़े के साथ गॉगल्स पहनकर बुलेट पर सवार होकर मंडप तक पहुंची।
आयशा के परिजनों के अनुसार, वह अपनी शादी में कुछ अलग करना चाहती थी और इस वजह से ही वह बुलेट पर सवार होकर अपनी शादी के मंडप तक पहुंची। आयशा को उनके भाई अदित ने रक्षाबंधन पर रॉयल एनफील्ड बुलेट 350 गिफ्ट की थी, उसी बुलेट से आयशा ने अपनी शादी में एंट्री की। आयशा के होने वाले दुल्हे यानी लौकिक व्यास को बाइक चलानी ही नहीं आती है। लौकिक कनाडा में जॉब करते हैं।
आयशा उपाध्याय 26 साल की हैं और वह कंप्यूटर एप्लिकेशंस में प्रोफेसर हैं। आयशा 9वीं क्लास में थी तब उसने अपने पापा की 100cc बाइक चलाई थी और तब से उसे बाइक राइडिंग का शौक चढ़ गया। आयशा पिछले 13 साल से बाइक चला रही हैं।