2 लाख नहीं दिए तो बारात लेकर नहीं आया दूल्हा, दुल्हन पहुंची थाने
29 नवंबर की सुबह बारात आनी थी, पर 28 नवंबर को दूल्हे पक्ष के परिजनों ने दो लाख रुपये दहेज में देने की मांग की। लड़की वालों की आर्थिक स्थिति सही नहीं होने पर वह इस मांग को पूरी नहीं कर सके।
गाडरवारा/नरसिंहपुर, नईदुनिया। हाथों में मेहंदी लगाए दुल्हन उस समय थाने पहुंच गई, जब दूल्हा पक्ष ने अचानक 2 लाख रुपये की डिमांड कर डाली और मांग पूरी नहीं होने पर दूल्हा बारात लेकर नहीं पहुंचा। बारात 29 नवंबर की सुबह आनी थी। लड़की ने लड़का पक्ष के खिलाफ शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
मामला नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा क्षेत्र का है। दहेज लोभियों पर कार्रवाई की मांग हनुमान वार्ड निवासी युवती की शादी हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार धमेंद्र (35) पिता मुन्नालाल दिसावर निवासी वाल्मीकि मोहल्ला सीहोर (गाडरवारा) से 29 नवंबर को होना तय हुई थी। 15 नवंबर को लगुन कार्यक्रम में लड़की वालों ने एक सोने की अंगूठी व दूल्हे के पूरे परिजनों को कपड़े तथा 5 हजार रुपये नगदी पहुंचाए थे। इसके बाद लड़की के परिजन शादी की तैयारी में जुट गए।
29 नवंबर की सुबह बारात आनी थी, पर 28 नवंबर को दूल्हे पक्ष के परिजनों ने दो लाख रुपये दहेज में देने की मांग की। लड़की वालों की आर्थिक स्थिति सही नहीं होने पर वह इस मांग को पूरी नहीं कर सके। इस पर वर पक्ष ने बारात लाने से मना कर दिया। जब दुल्हन को इसकी जानकारी लगी तो अपने हाथों में मेहंदी लगाए हुए दुल्हन परिजनों के साथ गाडावारा थाने पहुंच गई।
थाना प्रभारी अरविंद दुबे से मामले की शिकायत कर दहेज लोभियों पर कार्रवाई करने की मांग की। लड़की द्वारा दिए आवेदन में दूल्हा धमेंद्र पिता मुन्ना लाल व दूल्हे की मां पर दहेज का प्रकरण दर्ज करने की मांग की गई।