AN-32 Crash: हादसे की वजह देर से पता चलेगी, जानें क्या है कारण
AN-32 Crash वायु सेना के विमान एएन-32 का ब्लैकबॉक्स मिल गया है। हालांकि यह क्षतिग्रस्त हो गया है। इससे दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में देरी हो सकती है।
नई दिल्ली, एएनआइ। AN-32 Crash, वायु सेना के विमान एएन-32 का ब्लैकबॉक्स मिल गया है, लेकिन हादसे की वजह से ब्लैकबॉक्स क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में देरी हो सकती है। रक्षा सूत्रों ने यह जानकारी दी।
यह विमान तीन जून को अरुणाचल प्रदेश की पहाड़ियों में हादसे का शिकार हो गया था। विमान में वायु सेना के तेरह जवान सवार थे, जिनमें से कोई भी नहीं बच पाया। भारी खोजबीन के बाद करीब हफ्ते भर बाद 9 जून को इस विमान का मलबा और जवानों के शव मिले थे। तीन दिन पहले ही ब्लैकबॉक्स मिला था।
सूत्रों ने बताया कि प्राथमिक तौर पर तो ऐसा लग रहा है कि रास्ता भटकने से विमान पहाड़ी से टकराकर गिर गया होगा। लेकिन असली कारणों का पता ब्लैकबॉक्स के परीक्षण से ही लग पाएगा। यह देखा जा रहा है कि क्या हिंदुस्तान एयरोनोटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ब्लैकबॉक्स से डाटा निकाल पाती है या किसी और एजेंसी का सहारा लेना पड़ता है।
वायु सेना की तरफ से कारणों की जांच जारी है। साथ ही शवों को बाहर निकालने की भी कोशिश हो रही है। पूर्वी वायु कमान के एयर मार्शल आरके माथुर खुद इस ऑपरेशन पर नजर रख रहे हैं। इसके चलते उन्होंने अपनी बांग्लादेश यात्रा भी रद कर दी है।
असम के जोरहाट से उड़ान भरने के बाद दोपहर करीब एक बजे इससे संपर्क टूट गया था। इसे अरुणाचल प्रदेश के मेचुका स्थित एडवांस लैंडिंग ग्राउंड (एएलजी) पर उतरना था। अरुणाचल प्रदेश में लिपो के पास इसका मलबा मिला था।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप