गोरक्षा के नाम पर हिंसा करने वाले भाजपा के लोग नहीं- गडकरी
गडकरी ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा गो निगरानी संगठनों को सबसे अधिक अस्वीकार किया गया है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। भाजपा और संघ परिवार गोवंश के वध पर प्रतिबंध का समर्थन करता है, लेकिन इसकी रक्षा के नाम पर तथाकथित 'गो रक्षकों' की हिंसक कार्रवाइयों की निंदा करता है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को एक साक्षात्कार के दौरान यह दावा किया। कहा कि गोरक्षा के नाम हिंसा करने वाले भाजपा और संघ के लोग नहीं है।
गडकरी ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा गो निगरानी संगठनों को सबसे अधिक अस्वीकार किया गया है। मालूम हो, ये तथाकथित 'गो रक्षक' विरोधियों पर हमले कर रहे हैं। इन गो रक्षक दलों के लोगों ने निर्दयता से लोगों को पीटा है, कुछ की तो मौत तक हो गई है। यहां तक कि गुजरात के ऊना में एक दलित परिवार के सात सदस्यों की सिर्फ इसलिए पिटाई की थी, क्योंकि वे मृत गाय का चमड़ा निकाल रहे थे। राजस्थान के अलवर में हुई एक ऐसी ही घटना में मुस्लिम समुदाय के एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।
यह भी पढ़ें: नासिक में स्पा पर छापा मारकर 13 लोगों को हिरासत में लिया गया
गडकरी ने कहा, 'गाय की रक्षा के नाम पर हिंसा नहीं होनी चाहिए। यह हमारी सरकार का एजेंडा नहीं है। जो ऐसा कर रहे हैं, वे हमारे आदमी नहीं हैं। ऐसा करने वाले गलत कर रहे हैं। हम उनके साथ नहीं हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही ऐसी घटनाओं की निंदा कर चुके हैं। इस प्रकार की ¨हसा की हम सभी निंदा करते हैं। इसके बावजूद ऐसी घटनाओं के लिए हमें क्यों जिम्मेदार ठहराया जाता है?'
यह भी पढ़ें: मातृत्व सिखाने के लिए शेरनी को दिखाई डॉक्यूमेंट्री
उन्होंने भगवा कपड़े पहने हुए हर व्यक्ति का भाजपा के साथ संबंध जोड़ने की प्रवृत्ति का विरोध किया। पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और आरएसएस के वरिष्ठ कार्यकर्ता गडकरी बोले, 'टीवी पर कोई भी भगवा रंग का कपड़े पहने हो, तुरंत उसका हमारे (भाजपा) साथ संबंध जोड़ दिया जाता है। जबकि वास्तव में हमारा उससे कोई संबंध नहीं होता है। हम ऐसे लोगों का समर्थन नहीं करते हैं।'