राहुल ने बढ़ाई चव्हाण की परेशानी, भाजपा ने मांगा इस्तीफा
आदर्श घोटाले की रिपोर्ट को खारिज करने के महाराष्ट्र सरकार के फैसले और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के इस पर असहमति जताने के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण की मुश्किलें बढ़ गई हैं। राहुल के बयान के बाद भाजपा ने मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि उनका बयान पाखं
नई दिल्ली। आदर्श घोटाले की रिपोर्ट को खारिज करने के महाराष्ट्र सरकार के फैसले और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के इस पर असहमति जताने के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण की मुश्किलें बढ़ गई हैं। राहुल के बयान के बाद भाजपा ने मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि उनका बयान पाखंड का प्रदर्शन है।
केंद्र और महाराष्ट्र में कांग्रेस की गठबंधन सहयोगी राकांपा ने कहा कि अगर चव्हाण रिपोर्ट को खारिज करने के राज्य कैबिनेट के फैसले को पलट देते हैं तो राकांपा उनका साथ देगी। इस रिपोर्ट में कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्रियों को दोषारोपित किया गया है। विधान परिषद में विपक्ष के नेता विनोद तवाडे ने कहा कि जिस तर्ज पर महाराष्ट्र सरकार ने आदर्श आयोग की रिपोर्ट को खारिज किया और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने इसकी आलोचना की है, इसके बाद मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण को तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए।
आदर्श घोटाले की रिपोर्ट पर दोबारा विचार करें: राहुल गांधी
उन्होंने कहा कि रिपोर्ट खारिज करने से न सिर्फ कांग्रेस बल्कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी भी मुख्यमंत्री की आलोचना कर रही है। उन्होंने रिपोर्ट में केंद्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे का नाम लिए जाने पर कहा है कि देखना यह है कि उनके खिलाफ क्या कार्रवाई होती है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर