कांग्रेस के खिलाफ अभियान चलाएगी भाजपा, रक्षा सौदों में भ्रष्टाचार को लेकर मांगेगी जवाब
भारतीय जनता पार्टी रक्षा सौदों में भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस के खिलाफ देशभर में एक मेगा अभियान शुरू करने जा रही है। अगस्ता वेस्टलैंड में भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस के खिलाफ सोशल मीडिया पर भी अभियान शुरू किया जाएगा।
नई दिल्ली, एएनआइ। कांग्रेस के कार्यकाल में रक्षा सौदों में हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ भाजपा देशव्यापी अभियान चलाएगी। इसकी शुरुआत वह 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाने के बाद कर सकती है। वह प्रमुख रूप से अगस्ता वेस्टलैंड सौदे को लेकर कांग्रेस को घेरेगी।
सूत्रों के अनुसार, पार्टी ने कहा है कि गुपकार गैंग का असली चेहरा सामने लाने के बाद अब वह अगस्ता वेस्टलैंड सौदे में हुए भ्रष्टाचार पर कांग्रेस से जवाब मांगेगी। वह इस कड़ी में देशभर में पत्रकार वार्ता भी करेगी। यही नहीं, भाजपा कांग्रेस के खिलाफ इंटरनेट मीडिया पर भी अभियान चलाएगी।
पार्टी सूत्रों का कहना है, 'कांग्रेस राष्ट्र-विरोधी है। वे उन लोगों के साथ है जो घरेलू मुद्दों में विदेशी हस्तक्षेप चाहते हैं। उनके नेता अंतरराष्ट्रीय प्लेटफॉर्म पर झूठ बोलने के लिए दुश्मन देशों को मौका देते हैं। वे रक्षा सौदों पर समझौता करते हैं। वे सेना का मनोबल कम करते हैं और हमारे सुरक्षा बलों पर सवाल उठाते हैं। इन सब लोगों को बेनकाब करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।'
हाल ही में केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने अगस्ता वेस्टलैंड मामले को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा था। आरोप लगाया था कि यूपीए सरकार के दौरान जब भारत अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर खरीदने पर सहमत हुआ था तो बिचौलियों को रिश्वत दी गई थी। यह सौदा लगभग 3,600 करोड़ रुपये का था।
कोरोना वैक्सीन का चयन कांग्रेस अध्यक्ष चुनने जैसा नहीं
राहुल गांधी द्वारा कोरोना वैक्सीन को लेकर प्रधानमंत्री से पूछे गए सवालों का भाजपा ने जवाब दिया है। भाजपा नेता डाक्टर विजय चौथाईवाले ने कहा कि कोरोना वैक्सीन का चयन कांग्रेस अध्यक्ष चुनने जैसा आसान काम नहीं है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'प्रिय राहुल आप गोवा में अपनी छुट्टी का मजा लीजिए। इसे समझना आपके लिए बहुत ही कठिन है।' गौरतलब है कि राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री से पूछा था कि वह बताएं कि नागरिकों को कोरोना से सुरक्षित करने के लिए भारत ने किस वैक्सीन को चुना है। उन्होंने वैक्सीन के वितरण के लिए बनाई गई योजना को लेकर भी सवाल किए थे।