'भारत कोई बनाना रिपब्लिक नहीं है', विरोध प्रदर्शनों पर कार्रवाई के बीच बीजेपी का कांग्रेस और CJP पर हमला
दिल्ली में कथित चुनावी धांधली और SIR के खिलाफ विपक्षी दलों के प्रदर्शनों पर बीजेपी ने इसे जनता की जीत ...और पढ़ें

बीजेपी का विपक्षी प्रदर्शनों पर तीखा हमला

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में कथित चुनावी धांधली और स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी और विपक्षी दलों के प्रदर्शनों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई के बाद भारतीय जनता पार्टी ने इसे जनता की जीत करार दिया है।
बीजेपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीजेपी और विपक्षी दलों पर निशाना साधा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने विपक्षी दलों और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला और कहा कि देश में अराजकता फैलाने की कोशिशों को भारतीय लोकतंत्र ने पूरी तरह नाकाम कर दिया है।
'भारत कोई बनाना रिपब्लिक नहीं'
रविशंकर प्रसाद ने कहा, भारत कोई 'बनाना रिपब्लिक' नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह देश कभी नहीं झुका है और न ही कभी झुकेगा। उन्होंने वोटर लिस्ट के एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का बचाव किया, जिनके इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी दल विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले तीन-चार दिनों के घटनाक्रम से दो बातें पूरी तरह स्पष्ट हो चुकी हैं। भारतीय लोकतंत्र ने देश में अराजकता पैदा करने की हर साजिश को ध्वस्त कर दिया है। यह देश संसद और संवैधानिक व्यवस्थाओं से चलेगा, सड़कों के ड्रामे से नहीं।
कांग्रेस पर साधा निशाना
हाल ही में असम, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में हुए उपचुनावों में बीजेपी और एनडीए की जीत का जिक्र करते हुए प्रसाद ने कहा कि जब दिल्ली में यह सब हंगामा चल रहा था, तब देश की जनता ने चुनावों में बीजेपी को शानदार जीत दिलाकर यह साबित कर दिया कि वे इस तरह के आंदोलनों को नकारते हैं।
कांग्रेस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी कभी भी लोकतांत्रिक विरोध प्रदर्शनों के खिलाफ नहीं रही है, लेकिन लगातार मिल रही चुनावी हार के कारण विपक्ष ने सड़कों पर होने वाले प्रदर्शनों को एक हथियार बना लिया है।
उन्होंने कहा, ये हारे हुए और निराश लोग दिल्ली की आम जनता को परेशान कर रहे हैं। हमें भारत के लोगों पर गर्व है कि उन्होंने इस साजिश को पूरी तरह ठुकरा दिया।
राहुल गांधी के दावे पर पलटवार
शुक्रवार को INDIA गठबंधन द्वारा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सौंपे गए ज्ञापन के बाद राहुल गांधी के उस बयान पर भी प्रसाद ने कड़ा ऐतराज जताया, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि राष्ट्रपति ने वोट चोरी के आरोपों से इनकार नहीं किया। रविशंकर प्रसाद ने इसे राष्ट्रपति पद की गरिमा का अपमान करार दिया।
