'भारत विरोधी अंतरराष्ट्रीय संगठनों से क्या है कांग्रेस की डील?', भाजपा ने राहुल गांधी से पूछे सवाल
भाजपा ने कांग्रेस पर भारत विरोधी अंतरराष्ट्रीय संगठनों से संबंध रखने का गंभीर आरोप लगाया है।

भाजपा ने कांग्रेस पर भारत विरोधी संगठनों से संबंध का आरोप लगाया

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। वोट चोरी के आरोप और आंदोलन के साथ ही भारत में रिजीम चेंज यानी तख्ता पलट के दावे के बाद कांग्रेस आरोपों के कठघरे में घिरती जा रही है।
लगातार चल रहे आरोप-प्रत्यारोपों के बीच भाजपा ने भारत विरोधी माने जाने वाले कुछ विदेशी संगठनों के पदाधिकारियों से कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व की मुलाकातों के फोटो दिखाते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
भाजपा ने कांग्रेस पर आरोप लगाया
भाजपा ने पूछा है कि भारत विरोधी अंतरराष्ट्रीय संगठनों से कांग्रेस की क्या डील है? 28 अप्रैल, 2025 का फाेटो दिखाते हुए पूछा- प्रोग्रेसिव इंटरनेशनल नाम के जिस संगठन के तार फ्रांस, स्पेन आदि देशों में दंगों और अराजकता से जुड़े हैं, उसके पदाधिकारियों से दस जनपथ पर सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने क्या बात की?
भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने एक अखबार में प्रकाशित रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि यह भारत का दुर्भाग्य है कि देश का नेता प्रतिपक्ष गैर-जिम्मेदार और अपरिपक्व है।
राहुल गांधी को मीर जाफर की संज्ञा देते हुए दावा किया कि उक्त रिपोर्ट के मुताबिक फ्रांस और कई अन्य देशों में सत्ता परिवर्तन यानी रिजीम चेंज के लिए अराजकता और अव्यवस्था के माध्यम से जो प्रयास हुए, उनके तार भारत में नेता प्रतिपक्ष द्वारा किए जा रहे विरोध-प्रदर्शनों से जुड़ते हैं।
नौ देशों में काम कर रहे 101 संगठन
नौ देशों में 101 संगठन ऐसा ईकोसिस्टम तैयार करते हैं, जिसके माध्यम से लोकतांत्रिक रूप से नागरिकों द्वारा चुनी गई संवैधानिक सरकारों को सत्ता से हटाने का प्रयास किया जाता है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यह अराजकता फैलाने वाले 101 संगठन नौ देशों में काम कर रहे हैं।
इनमें एक संगठन है ‘इंडियन अलायंस पेरिस’ नामक फ्रांस-आधारित संगठन। जब राहुल गांधी भारत में 6 अक्टूबर 2026 को प्रदर्शन कर रहे थे, तब उनका दाहिना हाथ ‘इंडियन अलायंस पेरिस’ ही बना था।
राहुल का वीडियो किया था पब्लिश
राहुल को हिरासत में लिए जाने का वीडियो सबसे पहले प्रसारित किया और भारतीय लोकतंत्र की बेबुनियाद आलोचना की। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि सवाल यह है कि इस अंतरराष्ट्रीय संगठन के प्रतिनिधिमंडल के साथ 10 जनपथ पर बंद कमरे में क्या बातचीत हुई?
प्रोग्रेसिव इंटरनेशनल स्वयं को एक ट्रांसनेशनल एंटी-कैपिटलिस्ट आर्गनाइजेशन बताता है। रिपोर्ट के अनुसार फ्रांस में हुए दंगों, आगजनी और ऐतिहासिक स्मारकों को नष्ट करने की घटनाओं, स्पेन में हुई घटनाओं और भारत में चल रही गतिविधियों के तार भी प्रोग्रेसिव इंटरनेशनल से जुड़े बताए गए हैं।
यह भी पूछा कि भारत विरोधी रुख रखने वालों से राहुल क्यों मिलते हैं? और विदेशी संगठनों से मुलाकात का एजेंडा छिपाया क्यों जाता है?
