केरल में भाजपा ने श्रीसंत को की टिकट की पेशकश
केरल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी एस श्रीसंत को प्रत्याशी बनाने का मन बनाया है। राज्य में 16 मई को मतदान होंगे। पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी ने कहा कि चुनाव लड़ने के बारे में वह बुधवार को फैसला लेंगे।
कोच्चि। केरल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी एस श्रीसंत को प्रत्याशी बनाने का मन बनाया है। राज्य में 16 मई को मतदान होंगे। पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी ने कहा कि चुनाव लड़ने के बारे में वह बुधवार को फैसला लेंगे।
श्रीसंत ने कहा कि मैं आप लोगों को बुधवार को जानकारी दूंगा। उन्होंने और कुछ भी बताने से इन्कार किया। क्रिकेट खिलाड़ी के परिवार के लोगों ने कहा कि दिल्ली से भाजपा के एक बड़े नेता का फोन आया था। नेता ने खिलाड़ी से त्रिप्पुनितुरा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी कहा कि श्रीसंत भाजपा प्रमुख अमित शाह से मुलाकात कर सकते हैं। भाजपा प्रमुख केरल दौरे पर आने वाले हैं।
संपर्क करने पर केरल भाजपा अध्यक्ष कुम्मनम राजशेखन ने बताया कि राज्य नेतृत्व को इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने हालांकि यह भी कहा कि दो दिनों में चीजें साफ हो जाएंगी।
पढ़ेंः केरल : CPI(M) कार्यकर्ताओं के विरोध के बाद अभिनेत्री ने चुनाव लड़ने से किया इनकार