भाजपा विधायक ने अपनी ही पार्टी की मुख्यमंत्री के खिलाफ किया सत्याग्रह मार्च
तिवाड़ी मुख्यमंत्री निवास तक जाने के लिए अड़ गए। बाद में पुलिस वाहन में तिवाड़ी को बिठाकर शहर के जालूपुरा स्थित उनके सरकारी विधायक निवास पर ले जाकर छोड़ दिया।
जयपुर, जागरण संवाददाता। राजस्थान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ विधायक घनश्याम तिवाड़ी ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के खिलाफ रविवार को एकात्म सत्याग्रह मार्च निकाला। वह जयपुर में श्याम नगर स्थित अपने आवास से रवाना हुए थे और मुख्यमंत्री निवास के बाहर सत्याग्रह पर बैठना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें इससे पहले मार्ग में ही सोड़ाला चौराहे पर रोक लिया और आगे जाने से मना किया।
हालांकि तिवाड़ी मुख्यमंत्री निवास तक जाने के लिए अड़ गए। बाद में पुलिस वाहन में तिवाड़ी को बिठाकर शहर के जालूपुरा स्थित उनके सरकारी विधायक निवास पर ले जाकर छोड़ दिया। इस दौरान तिवाड़ी की पुलिस अधिकारियों के साथ तकरार भी हुई। इससे पहले तिवाड़ी ने अपने आवास के बाहर समर्थकों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पर गंभीर आरोप लगाए।
मुख्यमंत्री पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि 25 जून को ही देश में आपातकाल लागू किया गया था और आज से ही मैं राजस्थान में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे द्वारा लगाए जा रहे अघोषित आपातकाल के खिलाफ सत्याग्रह कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि राजस्थान में मुख्यमंत्री के सामंतवाद और लूट से जनता त्रस्त है।
इसे भी पढ़ें: सफल वार्ता के बाद जाट नेताओं ने आंदोलन वापस लिया