विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सफल ब्रिक्स सम्मेलन से भाजपा को मिला राजनीतिक संबल, विधानसभा चुनावों से पहले मिली मजबूती

Published: Mon, 14 Sep 2026 02:00 AM (IST)

सफल 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से भाजपा को राजनीतिक मजबूती मिली है, जिससे पार्टी को आगामी विधानसभा चुनावों से पहले विपक्ष के हमलों का सामना करने का अवसर मिला है।

सफल ब्रिक्स सम्मेलन से भाजपा को मिला राजनीतिक संबल।

सफल ब्रिक्स सम्मेलन से भाजपा को मिला राजनीतिक संबल।

HighLights

  1. ब्रिक्स सम्मेलन से भाजपा को राजनीतिक मजबूती मिली।

  2. पहलगाम आतंकी हमले की निंदा मोदी सरकार की कूटनीतिक जीत।

  3. प्रधानमंत्री मोदी की वैश्विक नेता के रूप में छवि मजबूत हुई।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की सफल मेजबानी से भाजपा को राजनीतिक संबल मिला है। इससे सत्तारूढ़ पार्टी को अपने पक्ष में राजनीतिक विमर्श को मजबूत करने और अगले वर्ष कई राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले विपक्ष के हमलों का सामना करने का अवसर मिला है।

भाजपा सूत्रों के अनुसार, ब्रिक्स द्वारा शनिवार को अपनाए गए नई दिल्ली घोषणापत्र में पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा किया जाना पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह मोदी सरकार की बड़ी कूटनीतिक जीत है। इससे मोदी सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठाने वाले विपक्ष को उचित जवाब मिला है।

उल्लेखनीय है कि जुलाई में नीट (राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा) पेपर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर पर काकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में हुए प्रदर्शनों के बाद से विपक्षी दलों ने मोदी सरकार पर कई मुद्दों को लेकर अपने हमले तेज कर दिए हैं।

एक अन्य सूत्र ने कहा कि ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में सर्वसम्मति से अपनाए गए घोषणापत्र ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की वैश्विक स्तर पर स्वीकार्य नेता के रूप में छवि को और मजबूत किया है।

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग और विस्तारित ब्रिक्स समूह के अन्य नेताओं की उपस्थिति ने भारत की कूटनीति को देश में चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

भाजपा सूत्रों के अनुसार, यह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की एक बड़ी कूटनीतिक जीत है और विपक्ष के सभी 'नाराज फूफाओं' को उचित जवाब है। पार्टी ‘सेवा संकल्प’ अभियान के दौरान ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के परिणामों को प्रमुखता से सामने रखेगी।

एक महीने तक चलने वाला यह अभियान 17 सितंबर से शुरू होगा। यह प्रधानमंत्री मोदी के सरकार के प्रमुख के रूप में सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया जाएगा।

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)