Move to Jagran APP

केरल में संघ कार्यकर्ता की हत्या, भाजपा ने कन्नूर में की अफस्पा लागू करने की मांग

कन्नूर के पयन्नूर में शुक्रवार को संघ कार्यकर्ता चूराकड़ बीजू की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी।

By Manish NegiEdited By: Published: Sat, 13 May 2017 08:23 PM (IST)Updated: Sat, 13 May 2017 08:23 PM (IST)
केरल में संघ कार्यकर्ता की हत्या, भाजपा ने कन्नूर में की अफस्पा लागू करने की मांग
केरल में संघ कार्यकर्ता की हत्या, भाजपा ने कन्नूर में की अफस्पा लागू करने की मांग

तिरुअनंतपुरम, आइएएनएस/प्रेट्र। राष्ट्रीय सेवक संघ के कार्यकर्ता की हत्या के बाद कन्नूर का माहौल फिर से गरमा गया है। भाजपा नेताओं ने राज्यपाल पी. सतशिवम से मुलाकात कर जिले में अफस्पा (आ‌र्म्ड फोर्सेस स्पेशल पावर एक्ट) लगाने की मांग की है। वहीं मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने भाजपा की मांग को खारिज कर दिया है। विजयन ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। राज्यपाल ने राज्य सरकार से उचित कार्रवाई करने को कहा है।

loksabha election banner

कन्नूर के पयन्नूर में शुक्रवार को संघ कार्यकर्ता चूराकड़ बीजू की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के पीछे केरल में सत्तारूढ़ वाम मोर्चा के प्रमुख घटक दल माकपा के कार्यकर्ताओं के शामिल होने की बात कही जा रही है। इसी सिलसिले में भाजपा विधायक ओ. राजगोपाल के नेतृत्व में तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को राज्यपाल पी. सतशिवम से मुलाकात की।

राजगोपाल ने कहा, 'केरल पुलिस माकपा से जुड़ी संस्था हो गई है। लिहाजा, पुलिस लोगों के जीवन और संपत्ति को सुरक्षित रखने में पूरी तरह असफल है। पुलिस हमेशा माकपा नेताओं के संपर्क में रहती है जहां से उन्हें निर्देश मिलते हैं। ऐसे में अफस्पा लगाकर ही कन्नूर में शांति लाई जा सकती है। अच्छी बात यह है कि कन्नूर में सैन्य शिविर भी है।' भाजपा नेताओं ने सौंपे गए ज्ञापन में दावा किया है कि वाम मोर्चा के सत्ता में आने के बाद से अब तक संघ कार्यकर्ताओं पर तकरीबन 500 हमले हो चुके हैं, जिनमें 14 को अपनी जान गंवानी पड़ी है।

बीजू हत्याकांड में पुलिस ने सात संदिग्धों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि घटना को इनोवा कार सवार चार लोगों के गिरोह ने अंजाम दिया है। बीजू शुक्रवार को बाइक से अपने एक मित्र के साथ कहीं जा रहे थे, जब इनोवा कार से पहले उन्हें टक्कर मारी गई और गिरने के बाद गला रेतकर हत्या कर दी गई। बीजू माकपा कार्यकर्ता धनराज की जुलाई 2016 में हुई हत्या मामले में आरोपी थे। फिलहाल वह जमानत पर बाहर थे। हत्याकांड के विरोध में भाजपा आहूत हड़ताल पत्थरबाजी की कुछ घटनाओं को छोड़कर शांतिपूर्ण रही।

गिरिराज बोले, केरल में गुंडाराज

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने शनिवार को वाम मोर्चा की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि केरल में आतंक और गुंडाराज का बोलबाला है। वह दो दिनों पहले माकपा कार्यकर्ताओं के हमले में घायल भाजपा कार्यकर्ताओं का हालचाल जानने कोट्टायम पहुंचे हुए हैं। उन्होंने कहा, 'केरल में बोलने की आजादी नहीं है। यहां सिर्फ आतंक और गुंडाराज है।' कुमारकोम में माकपा के एक स्थानीय नेता के नेतृत्व में 28 लोगों ने भाजपा से जुड़े ग्राम पंचायत के दो सदस्यों पर हमला कर दिया था।

यह भी पढ़ें: RSS का कम्युनिस्टों पर बड़ा हमला, 'आपका इतिहास खून से भरा हुआ'


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.