भाजपा युवा मोर्चा की नई टीम की घोषणा, 7 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 3 महासचिव नियुक्त; मैथिली ठाकुर को मिली बड़ी जिम्मेदारी
भाजपा ने अपने युवा मोर्चा के लिए नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों की घोषणा की है, जिसमें सात राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और तीन राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किए गए हैं।
-1792518570746_m.webp)
भाजपा युवा मोर्चा के नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों की घोषणा (फाइल फोटो- PTI)
HighLights
भाजपा युवा मोर्चा के नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों की घोषणा।
सात राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और तीन राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त।
शगुन परिहार, मैथिली ठाकुर समेत कई युवा नेता शामिल।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भाजपा ने मंगलवार को पार्टी के युवा मोर्चा के लिए राष्ट्रीय पदाधिकारियों की घोषणा की। इसमें सात युवा नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और तीन अन्य नेताओं को राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया गया है। भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष और वडोदरा के सांसद हेमांग जोशी ने पार्टी की युवा शाखा के लिए नवनियुक्त पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की।
उन्होंने एक बयान में कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देशानुसार निम्नलिखित सदस्यों को भाजपा युवा मोर्चा का राष्ट्रीय पदाधिकारी नियुक्त किया जा रहा है और उन्हें अन्य जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। कहा कि ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में नियुक्त सात नेताओं में जम्मू-कश्मीर की विधायक शगुन परिहार और बंगाल के विधायक सौमेन करफा शामिल हैं। अन्य नेताओं में उत्तर प्रदेश से निखिल मणि तिवारी, नगालैंड से अरविंद दमानी, तेलंगाना से मालोथ कोमाली नाइक, बिहार से राजेंद्र सिंह और छत्तीसगढ़ से भूपेंद्र नाग शामिल हैं।
भाजपा ने बिहार की अपनी विधायक और मशहूर लोक गायिका मैथिली ठाकुर को विभिन्न राज्यों के 33 अन्य लोगों के साथ युवा मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य बनाया है। राष्ट्रीय महासचिव के रूप में ओडिशा से अर्पिता अपराजिता बदेजेना, उत्तर प्रदेश से हर्षवर्धन सिंह और आंध्र प्रदेश से मिट्टा वामशी कृष्णा को नियुक्त किया गया है।
असम से बिस्वजीत खौंड, मध्य प्रदेश से आशीष झाला, महाराष्ट्र से सायली रघुनाथ कुलकर्णी, राजस्थान से हिमांशु शर्मा, पंजाब से सरदार अरमानजोत बराड़, झारखंड से अमन यादव और बिहार से राहुल झा राष्ट्रीय सचिव के रूप में काम करेंगे। उत्तर प्रदेश के विनीत वत्स त्यागी को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि राजस्थान के देवव्रत सिंह राजावत को राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
बिहार के हिमांशु यादव को भाजपा युवा मोर्चा का राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी बनाया गया है, जबकि दिल्ली की शिवानी सिंह और विशु बसोया तथा हिमाचल प्रदेश के अतुल ठाकुर को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है।
भाजपा के अनुसार, दिल्ली की अपूर्वा सिंह युवा मोर्चा की इंटरनेट मीडिया प्रभारी होंगी और बिहार के मानवेंद्र चौहान सह प्रभारी के रूप में काम करेंगे। राष्ट्रीय कार्यकारिणी के 34 नवनियुक्त सदस्यों में से पांच उत्तर प्रदेश से हैं, जबकि बिहार, गुजरात, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान में से प्रत्येक राज्य से दो-दो सदस्य हैं।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी के बाकी 17 सदस्यों में से एक-एक सदस्य अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली, दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, कर्नाटक, लद्दाख, मणिपुर, मेघालय, पुडुचेरी, पंजाब, तेलंगाना, त्रिपुरा और बंगाल से हैं। (समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
