विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पार्टी से ऊपर कोई नहीं, विधायक भी नहीं; हावड़ा में शमिक ने दो विधायकों की गैरमौजूदगी पर जताई नाराजगी

Published: Tue, 13 Oct 2026 08:36 PM (IST)

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने हावड़ा में पार्टी के दो विधायकों की गैरमौजूदगी पर नाराजगी जताई, जोर देकर कहा ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. पार्टी से ऊपर कोई नहीं, विधायक भी नहीं।

  2. पुराने कार्यकर्ताओं को वापस लाने का आह्वान किया।

  3. हावड़ा में पंचायत चुनाव जीतने का लक्ष्य रखा।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने मंगलवार को हावड़ा ग्रामीण जिला पार्टी कार्यालय के नए भवन के भूमिपूजन कार्यक्रम में पार्टी के दो विधायकों की गैरमौजूदगी पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पार्टी से ऊपर कोई नहीं है, विधायक और सांसद भी नहीं।

उन्होंने कहा, “पार्टी पहले है और पार्टी ही अंतिम है। पार्टी रहेगी, तभी विधायक और सांसद रहेंगे।” इस दौरान उन्होंने पुराने कार्यकर्ताओं को पार्टी में वापस लाने, हावड़ा जिला परिषद और पंचायतों में जीत हासिल करने का लक्ष्य भी रखा।

अल्पसंख्यक समुदाय के लोग भाजपा के साथ आ रहे- शमिक

शमिक भट्टाचार्य ने दावा किया कि अल्पसंख्यक समुदाय के लोग भाजपा के साथ आ रहे हैं, जिससे पार्टी की जिम्मेदारी बढ़ गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक जिम्मेदारी के साथ काम करने की अपील की। उनका यह भी दावा था कि विधानसभा चुनाव में अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों में भाजपा को समर्थन मिला है। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा की जीत के बाद हिंसा होने की आशंका जताने वालों को अब बंगाल में शांति दिखाई दे रही है।

पूर्व सीएम ममता पर साधा निशाना

पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए शमिक ने कहा कि उन्हें बंगाल के लोगों पर भरोसा नहीं रह गया है, इसलिए वह राजाबाजार से पार्क सर्कस तक मार्च कर रही हैं। उन्होंने ममता के पुराने बयानों का जिक्र करते हुए उन्हें दिल्ली में विपक्षी नेताओं के साथ आंदोलन करने पर भी घेरा। शमिक ने व्यंग्य करते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से आग्रह किया कि तृणमूल नेताओं को अंडों से बचाने के लिए पुलिस की ओर से हेलमेट उपलब्ध कराए जाएं।

पंचायत चुनाव में जीत का लक्ष्य

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आगामी दिनों में हावड़ा जिला परिषद और पंचायतों में जीत के लिए एकजुट रहने को कहा। उन्होंने पिछले पंचायत चुनाव की मतगणना के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार का आरोप लगाया और ऐसे लोगों की पहचान करने की बात कही।

पुराने कार्यकर्ताओं को बुलावा

साथ ही उन्होंने पुराने कार्यकर्ताओं से पार्टी में लौटने की अपील की। उनका कहना था कि लंबे समय तक पार्टी का झंडा उठाने वाले कार्यकर्ताओं से गलतियां हुई हों, तब भी उन्हें वापस लेने पर विचार होना चाहिए। शमिक ने पार्टी में केवल राजनीतिक पद मिलने से नेता बन जाने की धारणा पर भी सवाल उठाया।

उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को महत्व देना जरूरी है। कार्यक्रम में उन्होंने राज्य में दुर्गापूजा की संख्या बढ़ने का दावा किया और बांग्लादेश में दुर्गापूजा पंडालों को तोड़े जाने का आरोप भी लगाया।