विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरदीप सिंह पुरी सहित इन सासंदों का खत्म हो रहा कार्यकाल, बीजेपी ने 8 नए राज्यसभा उम्मीदवारों का किया एलान

Published: Mon, 05 Oct 2026 05:32 PM (IST)

भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए 8 नए उम्मीदवारों की घोषणा की है, जिनमें केंद्रीय मंत्री ...और पढ़ें

हरदीप सिंह पुरी सहित इन सासंदों का खत्म हो रहा कार्यकाल।

हरदीप सिंह पुरी सहित इन सासंदों का खत्म हो रहा कार्यकाल।

HighLights

  1. बीजेपी ने उत्तर प्रदेश से 8 नए राज्यसभा उम्मीदवारों का एलान किया।

  2. केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी समेत 8 सांसदों का कार्यकाल समाप्त।

  3. नए उम्मीदवारों में जातिगत, क्षेत्रीय संतुलन और संगठनात्मक अनुभव का मिश्रण।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए अपने 8 उम्मीदवारों के नाम का एलान कर दिया है। इस लिस्ट में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी सहित उन आठ सांसदों के नाम नहीं हैं, जिनका कार्यकाल समाप्त हो रहा है।

बीजेपी ने 2026 के राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव के लिए आठ नए उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। इनमें धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडे, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार का नाम शामिल है।

इस लिस्ट में तीन ओबीसी उम्मीदवार, दो अनुसूचित जाति के उम्मीदवार और तीन सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को मैदान में उतारा गया है। जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं।

जानिए नए उम्मीदवारों के बारे में

इन नए उम्मीदवारों की बात करें तो धर्मपाल सिंह कई बार विधायक रह चुके हैं, और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। वे लोधी समुदाय से आते हैं। प्रकाश पाल भाजपा के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष हैं, वे पाल समुदाय से संबंध रखते हैं।

जौनपुर से वरिष्ठ भाजपा नेता विद्यासागर सोनकर दलित समुदाय से आते हैं। वे पूर्व लोकसभा सांसद और पूर्व एमएलसी भी रह चुके हैं।

प्रियंक सिंह रावत बाराबंकी से भाजपा की पूर्व लोकसभा सांसद हैं, उन्होंने 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस नेता पीएल पुनिया को हराया था। राम प्रताप सिंह चौहान भाजपा के वरिष्ठ संगठनात्मक नेता हैं, उन्हें जून 2026 में उत्तर प्रदेश भाजपा का महासचिव नियुक्त किया गया था। इनके अलावा राधाकांत ओझा, गोपी कृष्ण पांडे और श्रुति गंगवार का भी नाम शामिल है।

हरदीप सिंह पुरी सहित इन सांसदों के कार्यकाल हो रहे समाप्त

जिन आठ सांसदों का राज्यसभा का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, अरुण सिंह, सीमा द्विवेदी, बीएल वर्मा, नीरज शेखर, बृजलाल और गीता शाक्य हैं। वहीं दिनेश शर्मा का नाम भी पद छोड़ने वाले सासंदों में शामिल था, क्योंकि अब वे अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल हैं।

भाजपा की ये नामांकन 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले आए हैं और ये पार्टी की राज्यसभा उम्मीदवारों की लिस्ट में जातिगत प्रतिनिधित्व, संगठनात्मक अनुभव और क्षेत्रीय संतुलन का मिश्रण हैं।

इसे भी पढ़ें: ओबीसी, दलित; ब्राह्मण और ठाकुर चेहरों का संतुलन, भाजपा के राज्यसभा दांव में 2027 का संदेश