विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'राहुल-केजरीवाल के इशारे पर देश में अस्थिरता फैलाने की साजिश', जंतर-मंतर प्रदर्शन को लेकर बीजेपी का निशाना

Published: Sat, 10 Oct 2026 12:02 PM (IST)

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल पर देश में अस्थिरता फैलाने की गंभीर साजिश रचने का आरोप लगाया है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन।

HighLights

  1. भाजपा ने राहुल-केजरीवाल पर देश अस्थिर करने का आरोप लगाया।

  2. नितिन नवीन ने विदेशी ताकतों के इशारे पर काम करने की बात कही।

  3. रामकृपाल यादव ने CJP पर छात्रों को गुमराह करने का आरोप लगाया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन से पहले देश की सियासत में गर्माहट तेज है। ऐसे में अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला।

नितिन नवीन ने राहुल गांधी के इंडी गठबंधन और अरविंद केजरीवाल के सहयोगी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) पर देश को अस्थिर करने की गंभीर साजिश रचने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये दल और संगठन विदेशी ताकतों के इशारे पर अपने राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ा रहे हैं।

'दो अराजक समूह मचा रहे हैं देश में हलचल'

दिल्ली में प्रेस को संबोधित करते हुए नवीन ने इस पूरी स्थिति को बेहद खतरनाक और गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि देश में अस्थिरता पैदा करने के लिए मुख्य तौर पर दो समूह आपस में होड़ कर रहे हैं, एक का नेतृत्व राहुल गांधी का 'इंडी अलायंस' कर रहा है और दूसरे का नेतृत्व अरविंद केजरीवाल के सहयोगी कर रहे हैं।

'जनता के फैसले से खफा'

भाजपा अध्यक्ष ने आगे तंज कसते हुए कहा कि जनता की तरफ से नकारे जा चुके ये लोग जनादेश को स्वीकार करने या उससे सीखने के बजाय देश को अस्थिर करने के षड्यंत्र में जुटे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ये समूह विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहे हैं, हालांकि उन्होंने इस दावे के समर्थन में कोई प्रत्यक्ष सबूत पेश नहीं किया।

भारत की तरक्की से पेट में हो रहा दर्द- नवीन

देश की विकास यात्रा का जिक्र करते हुए नवीन ने कहा कि आप भारत के विकास और उसकी प्रगति को पचा नहीं पा रहे हैं। आप एक आत्मनिर्भर और सशक्त देश के रूप में आगे बढ़ते हुए भारत को देख नहीं सकते। उन्होंने विश्वास जताया कि देश का लोकतंत्र इतना मजबूत है कि ऐसी हर साजिश को नाकाम कर देगा।

रामकृपाल यादव ने 'CJP' संगठन पर बोला हमला

दूसरी तरफ, बिहार के मंत्री रामकृपाल यादव ने पटना में एक अलग बयान देते हुए CJP पर छात्रों को गुमराह करने और राजनीतिक रोटियां सेकने का गंभीर आरोप लगाया। रामकृपाल यादव ने दावा किया कि CJP एक पंजीकृत संगठन है और इसका कोई राजनीतिक वजूद नहीं है।

उन्होंने कहा कि यह केवल कुछ ऐसे लोगों का समूह है जो कुछ राजनेताओं के इशारे पर अपनी राजनीतिक जमीन तलाशने के लिए मासूम बच्चों और छात्रों को गुमराह कर रहे हैं। विपक्ष इस गैर-पंजीकृत संगठन का इस्तेमाल अपनी राजनीति चमकाने और सरकार को घेरने के मोहरे के रूप में कर रहा है।