'कांग्रेस की मोहब्बत की दुकान में भ्रष्टाचार का कारोबार', भाजपा ने राहुल गांधी की चुप्पी पर उठाए सवाल
भाजपा ने राहुल गांधी पर कांग्रेस नेताओं के भ्रष्टाचार पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ में ईडी की कार्रवाई का हवाला दिया।

भाजपा ने राहुल गांधी पर भ्रष्टाचार के आरोपों पर चुप्पी का आरोप लगाया
HighLights
भाजपा ने राहुल गांधी पर भ्रष्टाचार के आरोपों पर चुप्पी का आरोप लगाया
उत्तराखंड-छत्तीसगढ़ में ईडी की कार्रवाई का हवाला दिया, कांग्रेस को घेरा
कांग्रेस की 'मोहब्बत की दुकान' को भ्रष्टाचार का कारोबार बताया
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भाजपा ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के खिलाफ लगे भ्रष्टाचार के आरोपों पर मौन रहने का आरोप लगाया।
भाजपा ने इसके साथ ही उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्रियों के करीबी सहयोगियों के खिलाफ ईडी की हालिया कार्रवाई का हवाला दिया और कहा कि कांग्रेस की 'मोहब्बत की दुकान' में भ्रष्टाचार का कारोबार चल रहा है।
भाजपा ने 12 और 13 सितंबर को यहां आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान रात्रिभोज में शामिल नहीं होने पर कांग्रेस के तीन मुख्यमंत्रियों पर निशाना साधा और उनके इस कदम को शर्मनाक करार दिया।
भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कांग्रेस की तथाकथित 'मोहब्बत की दुकान' में वास्तव में भ्रष्टाचार का कारोबार होता दिख रहा है।
उन्होंने कहा, 'मैं राहुल गांधी जी से पूछना चाहती हूं कि वह एक तरफ तो छात्रों से बात करते हैं, लेकिन जब उनकी अपनी ही पार्टी के सदस्य युवाओं और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करते हैं तो क्या उसकी आवाज उनके कानों तक नहीं पहुंचती है।
ईडी ने 2016 में आयोजित ग्राम पंचायत विकास अधिकारी परीक्षा में कथित अनियमितताओं के संबंध में दस सितंबर को उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के पूर्व निजी सहायक चंदन सिंह जीना के ठिकानों पर छापेमारी की थी।
स्वराज ने कहा कि तलाशी के दौरान बरामद संपत्ति जीना की आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक थी। उन्होंने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की भर्ती परीक्षा के कथित प्रश्नपत्र लीक मामले में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पूर्व ओएसडी की गिरफ्तारी का भी हवाला दिया।
