विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'सबसे बड़ा रेड फ्लैग', CEC विवाद पर BJP का राहुल गांधी पर निशाना, रिश्वतखोरी के पुराने रिकॉर्ड का लगाया आरोप

Published: Tue, 13 Oct 2026 08:34 PM (IST)

भाजपा ने CEC विवाद पर राहुल गांधी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है, आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में चुनाव आयुक्तों को राजनीतिक लाभ दिए।

CEC विवाद पर BJP का राहुल गांधी पर निशाना। (एएनआई)

CEC विवाद पर BJP का राहुल गांधी पर निशाना। (एएनआई)

HighLights

  1. भाजपा ने कांग्रेस पर चुनाव आयुक्तों को उपकृत करने का आरोप लगाया।

  2. पीयूष गोयल ने राहुल गांधी को 'अपनी पार्टी का रेड फ्लैग' बताया।

  3. ललन सिंह ने राहुल को संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने वाला कहा।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। चुनावी पारदर्शिता को लेकर विपक्षी दल एकजुटता की बात कर रहे हैं तो भाजपा ने भी राजग की एकजुटता का संदेश दिया। मंगलवार को भाजपा मुख्यालय में भाजपा नेता व केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के साथ जदयू नेता और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह भी पहुंचे और आरोप लगाया कि कांग्रेस के काल में चुनाव आयुक्तों को उपकृत किया जाता था और लाभ लिया जाता था।

इतना ही नहीं, पीयूष गोयल ने SIR और वोट चोरी के आरोपों के संदर्भ में ही राहुल गांधी से दस सवाल पूछते हुए चुनौती दी है कि आकर इनका जवाब दें। दावा किया कि नेत प्रतिपक्ष के पास इनमें से एक का भी जवाब नहीं होगा।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के व्यवहार को बचकाना और कायराना बताते हुए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि कांग्रेस ने इतने बड़े वकीलों को राज्य सभा में भेज रखा है। फिर भी सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका ढंग से दाखिल नहीं कर सके। कोर्ट फीस भी पूरी नहीं भर सके।

उन्होंने कहा कि जो नेता अराजकता, झूठ और फरेब में विश्वास करे, ऐसी पार्टी या नेता क्या देश को भविष्य देगा? क्या 140 करोड़ देशवासियों की आशा-अपेक्षा पर खरा उतरेगा?

राहुल गांधी अपनी पार्टी के लिए 'रेड फ्लैग'- पीयूष गोयल

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि कांग्रेस 'अपनी ही का काल्पनिक दुनिया में जी रही है' और राहुल गांधी अपनी पार्टी के लिए 'रेड फ्लैग' हैं। गोयल ने कहा कि कांग्रेस चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाती है लेकिन अपने खुद के ट्रैक रिकॉर्ड को नजर अंदाज कर देती है।

बीजेपी ने लगाया रिश्वतखोरी का आरोप

CEC विवाद के बीच सरकार का बचाव करते हुए गोयल ने कहा कि NDA सरकार ने EC को स्वतंत्र रूप से काम करने दिया है और अपनी सेवाओं के बदले आयुक्तों को राजनीतिक पद नहीं दिए हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्तों को उनके कार्यकाल के बाद राजनीतिक पदों पर नियुक्त किया था। उन्होंने इसके लिए पूर्व CEC टीएम शेषन और एमएस गिल समेत कई अन्य उदाहरण दिए।

राहुल गांधी अपनी दादी के पदचिन्हों पर चलना चाहते हैं- ललन सिंह

वहीं, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा कि आज तक देश में नहीं हुआ कि कोई राजनीतिक दल सुप्रीम कोर्ट के सामने जाकर प्रदर्शन करे। उन्होंने राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि कई दिनों से पूरा प्रयास चल रहा है कि देश की सभी संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम कर दबाव बनाया जा सके। इन्हें समर्पित संवैधानिक संस्थाओं की आदत बनी हुई है। ऐसी संस्था चाहिए, जो उनके प्रति वफादार हो।

जदयू नेता ने कांग्रेस नेता से कहा- जिस तरह की अराजकता देश में कायम करना चाहते हैं, मुझे लगता है कि राहुल गांधी अपनी दादी के पदचिन्हों पर चलना चाहते हैं। उन्होंने सत्ता बचाने के लिए पूरे देश और संविधान को समाप्त किया, उसी तरह राहुल सत्ता पाने के लिए अराजकता फैलाना चाहते हैं।

भाजपा के सवाल

  • रोज चुनाव आयोग का अपमान करते हैं, लेकिन बार-बार मांगने के बाद भी एक बार भी हलफनामा दाखिल कर कोई सबूत क्यों नहीं दिया?
  • जब बिहार, तमिलनाडु और बंगाल में SIR हो रहा था, तब विरोध क्यों नहीं किया? तब कहां थी कांग्रेस?
  • कांग्रेस के खुद के पूर्व मंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, वर्तमान सांसद और विधायक जैसे अभिषेक मनु सिंघवी, अशोक गहलोत, सीपी जोशी, सचिन पायलट, रमेश चेन्निथाला ने खुले तौर पर कहा कि लाखों मतदाताओं के नाम डुप्लीकेट हैं। ढेर सारे नाम निकालने की जरूरत है। कांग्रेस क्या इन सभी नेताओं को पार्टी से बाहर करेगी, जो SIR मांग रहे थे?
  • शथि थरूर ने खुद कहा कि कांग्रेस केरल में SIR की वजह से जीती, क्योंकि डुप्लीकेट नाम हट गए। अधीर रंजन चौधरी ने तारीफ की कि चुनाव आयोग ने ईमानदारी से चुनाव कराया। ममता बनर्जी के गलत कामों का विरोध कांग्रेस ने किया। अब उन्हीं की पार्टी वोट चोरी के दावे कैसे कर रही है?
  • यदि वास्तव में मानते हैं कि चुनावों में अनियमितता हुई है, चुनाव आयोग ठीक से काम नहीं कर रहा है या SIR ठीक नहीं है तो इनकी चारों कांग्रेस सरकार कर्नाटक, हिमाचल, तेलंगाना और केरल सहित सहयोगी दलों झारखंड और तमिलनाडु की सरकार क्या इस्तीफा देंगी?
  • राहुल गांधी ने कल प्रदर्शन के दौरान एक गर्भवती पत्रकार के साथ धक्कामुक्की की, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। ऐसा व्यवहार क्या देश की जनता कभी माफ करेगी?
  • सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के SIR को संवैधानिक रूप से सही ठहराया और फार्म-6 पर सुनवाई चल रही है। यदि राहुल गांधी को संविधान पर विश्वास है तो सड़क पर अराजकता फैलाने की कोशिश क्यों कर रहे हैं?