टूल किट मामले में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा और पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह को बड़ी राहत
टूल किट मामले में हाई कोर्ट ने भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को बड़ी राहत दी है। हाई कोर्ट ने इस मामले में दर्ज आपराधिक प्रकरण में पुलिसिया कार्रवाई पर रोक लगाते हुए याचिकाकर्ताओं को राहत दी है।
बिलासपुर, जेएनएन। टूल किट मामले में हाई कोर्ट ने भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को बड़ी राहत दी है। हाई कोर्ट ने इस मामले में दर्ज आपराधिक प्रकरण में पुलिसिया कार्रवाई पर रोक लगाते हुए याचिकाकर्ताओं के अंतरिम आवेदन पत्र को स्वीकार कर लिया है। भाजपा नेताओं के खिलाफ दर्ज प्रकरण को चुनौती देने वाली याचिका पर 11 जून को हाई कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा था जिस पर सोमवार को आदेश जारी कर दिया है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने हाई कोर्ट में याचिका दायर की है। इसमें उन्होंने अपने खिलाफ रायपुर के सिविल लाइन थाने में दर्ज आपराधिक प्रकरण को चुनौती दी है। बीते शुक्रवार को हाई कोर्ट के जस्टिस एनके व्यास की एकलपीठ में मामले की सुनवाई हुई। इसके बाद जस्टिस एनके व्यास ने याचिकाकर्ताओं के अंतरिम आवेदन पत्र पर फैसला सुरक्षित रख लिया था।
सोमवार को कोर्ट ने याचिकाकर्ताओं के पक्ष में अंतरिम राहत देते हुए आपराधिक प्रकरण में पुलिसिया कार्रवाई पर रोक लगा दी है। देश में बढ़ते कोरोना संक्रमण को लेकर भाजपा ने अंतरराष्ट्रीय मीडिया व दुनिया में भारत को बदनाम करने के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है।
भाजपा नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस ने सुनियोजित षडयंत्र के तहत टूल किट तैयार किया, जिसे विदेशी मीडिया को कांग्रेस के आइटी सेल द्वारा उपलब्ध कराया गया है। इसी टूल किट मसले पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने इंटरनेट मीडिया में 18 मई को पोस्ट किया। इस पोस्ट में कांग्रेस पर देश का माहौल खराब करने की साजिश की जानकारी दी थी।