डीआइजी बनी रहेंगी भारती, स्कूल प्रिंसिपल का अतिरिक्त कार्यभार
हरियाणा की 1998 बैच की आइपीएस अधिकारी भारती अरोड़ा को स्पोर्ट्स स्कूल राई का प्रिंसिपल व निदेशक बनाने पर छिड़े विवाद के बाद राज्य सरकार ने उन्हें इस पद का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है।
चंडीगढ़, जागरण ब्यूरो । हरियाणा की 1998 बैच की आइपीएस अधिकारी भारती अरोड़ा को स्पोर्ट्स स्कूल राई का प्रिंसिपल व निदेशक बनाने पर छिड़े विवाद के बाद राज्य सरकार ने उन्हें इस पद का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। वह डीआइजी वेलफेयर एंड ट्रेनिंग पुलिस मुख्यालय पंचकूला के पद पर बनी रहेंगी।
गृह विभाग की ओर से भारती अरोड़ा को अतिरिक्त कार्यभार सौंपने का आदेश जारी हो गया है। पहले उन्हें पूर्ण रूप से प्रिंसिपल बनाने की फाइल चली थी, लेकिन पहले ही इसकी जानकारी मीडिया में आने के बाद विवाद खड़ा हो गया। इस कारण राज्य सरकार ने उनसे डीआइजी का पद नहीं लिया है। भारती अपनी नियुक्ति से पहले सीएम के प्रधान सचिव आरके खुल्लर से भी मिलीं थी।
दूसरी तरफ प्रदेश सरकार ने आइपीएस अधिकारी एसएस देसवाल की सेवाएं केंद्र सरकार को सौंप दी हैं। केंद्र में उन्हें सशस्त्र सीमा बल का अतिरिक्त महानिदेशक नियुक्त किया जाएगा। गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव पीके दास ने भारती अरोड़ा को अतिरिक्त कार्यभार और एसएस देसवाल की सेवाएं केंद्र को दिए जाने की पुष्टि की है। गुड़गांव के पुलिस कमिश्नर नवदीप सिंह विर्क से विवाद के चलते भारती को पुलिस मुख्यालय स्थानांतरित कर दिया गया था।
उधर, खेल विभाग में अतिरिक्त कार्यभार सौंपने के तुरंत बाद खेल मंत्री अनिल विज ने भारती अरोड़ा की तारीफों के पुल बांधे और उनके साथ अपने पुराने विवाद को बीती बात बताकर मिट्टी डालने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि भारती अरोड़ा एक न्यायप्रिय और अनुशासित अधिकारी हैं।