गुजरात के इस स्कूल में 'भारत माता की जय' नहीं, तो एडमिशन नहीं
'भारत माता की जय' से जुड़ा विवाद गुजरात में चरम पर पहुंच गया है। प्रदेश में एक ट्रस्ट द्वारा संचालित स्कूल में प्रवेश के लिए आने वाले बच्चों को 'भारत माता की जय' का नारा लगाने को कहा जाता है।
अहमदाबाद। 'भारत माता की जय' से जुड़ा विवाद गुजरात में चरम पर पहुंच गया है। प्रदेश में एक ट्रस्ट द्वारा संचालित स्कूल में प्रवेश के लिए आने वाले बच्चों को 'भारत माता की जय' का नारा लगाने को कहा जाता है। जो नारा लगाता है, उसका एडमिशन हो जाता है और जो नहीं लगाता, उसे बाहर का रास्ता दिखा दिया जाता है। खास बात यह है कि ट्रस्ट का संचालन एक भाजपा नेता के हाथ है।
एक अंग्रेजी अखबार के मुताबिक, अमरेली स्थित इस ट्रस्ट का नाम है- श्री पटेल विद्यार्थी आश्रम ट्रस्ट और इसे चलाने वाले भाजपा नेता का नाम है दिलीप संघानी। भारत माता की जय से जुड़ा विवाद सामने आने के बाद ट्रस्ट की ओर से नियम बनाया गया है कि स्कूल में प्रवेश के लिए आवेदन जमा करते समय बच्चों को फॉर्म में सबसे ऊपर भारत माता की जय लिखना होगा।
सूत्रों के हवाले से अखबार ने लिखा है कि यह निर्णय रविवार को हुई ट्रस्ट सदस्यों की बैठक में लिया गया। ट्रस्ट एक प्राथमिक और दो हाईस्कूल के अलावा एक कॉलेज भी संचालित करता है। चारों संस्थाओं में करीब 4,500 छात्र पढ़ते हैं।
राजनीति के जानकारों का कहना है कि दिलीप संघानी को भाजपा में साइडलाइन कर दिया गया था और वापसी के लिए उन्होंने 'भारत माता की जय' नारे का इस तरह सहारा लिया है।
यह भी पढ़ेंः 'आशा है शपथ ग्रहण के बाद भाजपा-पीडीपी सदस्य करेंगे भारत माता की जय का जाप'
यह भी पढ़ेंः संविधान का सम्मान करते हैं अन्यथा काट सकते हैं लाखों सिरः बाबा रामदेव