'मिर्च पाउडर से कैसे अंधा करें, घुटने कैसे तोड़ें...'; बेंगलुरु में ट्रिपल मर्डर से पहले टेक इंजीनियर ने AI से पूछे थे सवाल
बेंगलुरु के कृष्णराजपुरा में हुए ट्रिपल मर्डर केस में बड़ा खुलासा हुआ है, जिसमें आरोपी ने हत्या की साजिश रचने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल किया था।

टेक इंजीनियर केनेथ ने लिव-इन-पार्टनर श्वेता के परिवार की हत्या से पहले AI से पूछे सवाल (फोटो-सोशल मीडिया)
HighLights
केनेथ ने AI से हत्या की योजना बनाने में मदद ली।
AI से चाकू हमले, अंधा करने के तरीके पूछे।
कर्ज विवाद में लिव-इन पार्टनर के परिवार की हत्या की।
डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। बेंगलुरु के कृष्णराजपुरा क्षेत्र के सीगेहल्ली में जून में ट्रिपल मर्डर केस सामने आया था। 25 साल के टेक कर्मचारी जे. केनेथ ने अपनी लिव-इन पार्टनर श्वेता के परिवार पर चाकू से वार कर मौत के घाट उतारा था।
केनेथ पर श्वेता के माता-पिता और बहन की हत्या का आरोप है। इस मामले में पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने बताया कि केनेथ ने इस जानलेवा हमले की साजिश से पहले AI की मदद से मर्डर की प्लानिंग की थी।
AI से पूछे मर्डर करने के तरीके
पुलिस ने जब जांच के दौरान केनेथ के लैपटॉप की सर्च हिस्ट्री देखी, तब उन्हें पता चला कि उसने हमला करने के तरीकों के बारे में जानने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल किया। सर्च हिस्ट्री में सामने आए सवालों में कई डरावनी बातें थीं।
- किचन के चाकू से लोगों पर जानलेवा हमला कैसे करें।
- सिरके, मिर्च पाउडर और मिर्च के पेस्ट का इस्तेमाल करके लोगों को अंधा कैसे करें।
- तीन लोगों के घुटने कैसे तोड़ें।
- किसी सुनसान जगह पर घर में घुसे तीन चोरों को कैसे गिराएं।
केनेथ ने इतना ही नहीं, बल्कि AI से ऐसे हथियारों के बारे में भी जानकारी ली, जिनसे लोगों ने पहले मर्डर किया हो। उसने AI से एक और सवाल किया, जिसमें उसने एक दोस्त के लोन को लेकर बैंकों की बार-बार आने वाली कॉल से निपटने की सलाह मांगी और पूछा कि दिवालियापन कैसे घोषित किया जा सकता है।
पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने कहा, 'केनेथ ने AI से कभी यह नहीं पूछा कि हत्या की सजा क्या होगी या क्या उन लोगों को मारना सही है जो उसकी आर्थिक तंगी पर सवाल उठा रहे थे।'
सीनियर अधिकारी ने आगे बताया, 'वह नियमित रूप से AI से बातचीत करता था और उसे दोस्त की तरह मानता था। हो सकता है कि वह पढ़ाई-लिखाई में अच्छा रहा हो, लेकिन उसकी व्यावहारिक जानकारी और सामाजिक व्यवहार बहुत खराब था।'
हालांकि, पुलिस अभी यह पता नहीं लगा पाई है कि AI ने केनेथ को क्या जवाब दिए। ये सवाल Google पर दिखने वाली ड्रॉपडाउन विंडो से नोट किए गए थे, जब फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी लैपटॉप और अन्य सामान की जांच कर रही थी।
जांच में क्राइम सीन से एक चौंकाने वाली चीज भी मिली है। सिरके और मिर्च पाउडर का मिश्रण वाली एक बोतल। DCP (व्हाइटफील्ड डिवीजन) सैदुलु अदावत ने कहा, 'हमने इन चीजों को जांच के लिए FSL भेजा है।'
लोन न चुकाने पर कर दी तीन हत्या
सिटी कोर्ट में दाखिल 2,085 पेज की चार्जशीट के मुताबिक, केनेथ ने ये तीनों हत्याएं बैंक से लिए गए लोन पर नोटिस मिलने के बाद की थीं।
केनेथ की लिव-इन-पार्टनर श्वेता खुद एक टेक प्रोफेशनल थी। उसने एक साल के अंदर केनेथ के लिए कुल 52 लाख रुपये का लोन लिया था। इसमें 30 लाख रुपये का बिजनेस लोन, दो बैंकों से 8 लाख और 6 लाख रुपये के पर्सनल लोन और दोस्तों, रिश्तेदारों, क्लासमेट्स और सहकर्मियों से लिए गए 8 लाख रुपये शामिल थे।
श्वेता के पिता सोमसुंदर (55) और मां मुथुलक्ष्मी (50) को पता चला कि उनकी बेटी ने केनेथ की मदद के लिए काफी बड़ी रकम उधार ली थी। इस बात का पता चलने पर श्वेता और उसके माता-पिता के बीच झगड़ा हुआ।
श्वेता के पिता सोमसुंदर ने जब लोन को लेकर केनेथ से सवाल-जवाब किए कि उसने उस पैसे का क्या किया और परिवार को लोन न चुकाने के कारण नोटिस क्यों मिल रहे हैं। तब इस बात के कुछ दिनों बाद, 22 जून की रात, सीगेहल्ली के साई ग्रीन अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स में केनेथ उनके अपार्टमेंट के अंदर दाखिल हुआ और झगड़ा खूनी संघर्ष में बदल गया।
केनेथ ने श्वेता के पिता सोमसुंदर, मां मुथुलक्ष्मी और उसकी बहन सुप्रिया (20) पर हमला किया गया। केनेथ ने उन्हें कई बार चाकू मारा, जिससे तीनों की मौत हो गई। चार्जशीट के मुताबिक, कोर्ट में दर्ज अपने बयान में श्वेता ने बताया कि कैसे केनेथ ने उसके माता-पिता और बहन पर हमला किया, जबकि वह यह सब देखती रही।
