विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 09, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Rameshwaram Cafe: धमाके के 8 दिन बाद फिर से खुला रामेश्वरम कैफे, कड़ी सुरक्षा के इंतजाम; संदिग्ध की तलाश जारी

By Agency Edited By: Nidhi Avinash
Published: Sat, 09 Mar 2024 08:46 AM (IST)

कर्नाटक के बेंगलुरु का लोकप्रिय रामेश्वरम कैफे विस्फोट के 8 दिन बाद शनिवार सुबह कड़ी सुरक्षा में खोला गया। एक ...और पढ़ें

ब्लास्ट के 8 दिन बाद फिर से खुला रामेश्वरम कैफे (Image: ANI)
ब्लास्ट के 8 दिन बाद फिर से खुला रामेश्वरम कैफे (Image: ANI)

एएनआई, बेंगलुरु। कर्नाटक के बेंगलुरु का लोकप्रिय रामेश्वरम कैफे विस्फोट के 8 दिन बाद शनिवार सुबह कड़ी सुरक्षा में खोला गया। आउटलेट के बाहर लंबी कतार में ग्राहकों की लाइन देखने को मिली। कैफे खोलने के पहले, कैफे के सह-संस्थापक राघवेंद्र राव और सभी कर्मचारी राष्ट्रगान के लिए शामिल हुए।

एक हफ्ते पहले यानी 1 मार्च को इस कैफे में विस्फोट हुआ था, जिसमें कम से कम 10 लोग घायल हो गए थे। इस बम ब्लास्ट के 8 दिन बाद कैफे को एक बार फिर से खोला गया।

कैफे को सुरक्षित रखने के लिए किया जा रहा सुरक्षा गार्डों को ट्रेन

ग्राहकों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए कैफे को दोबारा से रेनोवेट किया गया। समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए राघवेंद्र राव ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए हम सभी सुरक्षा उपाय कर रहे हैं। हम अपनी सुरक्षा टीम को मजबूत कर रहे हैं और अपने सुरक्षा गार्डों को ट्रेन करने के लिए पूर्व सैनिकों का एक पैनल बनाने की भी कोशिश कर रहे हैं।

फिर से कैफे खोलने में मदद के लिए सरकार के आभारी

इससे पहले शुक्रवार को, राघवेंद्र राव ने एएनआई को बताया कि हमने अधिकारियों को सभी सीसीटीवी फुटेज और जानकारी दे दी है। हम उनके साथ सहयोग कर रहे हैं। इतनी जल्दी कैफे को फिर से खोलने में मदद करने के लिए हम सरकार के बहुत आभारी हैं। उन्होंने कहा कि एनआईए जल्द ही अपराधी को हमारे सामने लाएगी। हमने कैफे को दोबारा खोलने से पहले सभी सावधानियां बरती हैं। सरकार और पुलिस ने हमें निर्देशित किया है कि कहां अधिक सीसीटीवी लगाए जाएं। हम परिसर पर नजर रखने के लिए एक व्यक्ति को नियुक्त करेंगे।

हमलावर की जानकारी देने वालों को 10 लाख का इनाम

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बुधवार को रामेश्वरम कैफे में विस्फोट के संबंध में हमलावर के बारे में जानकारी देने वाले को 10 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की। एजेंसी ने इस बात पर भी जोर दिया कि सूचना देने वालों की पहचान की गोपनीयता बनाए रखी जाएगी। एजेंसी ने हमलावर की एक तस्वीर भी जारी की, जो बेंगलुरु के ब्रुकफील्ड इलाके में एक लोकप्रिय भोजनालय, रामेश्वरम कैफे में एक बैग रखते हुए सीसीटीवी फुटेज से ली गई थी।

टोपी, काली पैंट और काले जूते में आया नजर

एनआईए की ओर से जारी तस्वीर में हमलावर टोपी, काली पैंट और काले जूते पहने नजर आ रहा है। पोस्ट में, एनआईए ने इस बात पर भी जोर दिया कि हमलावर की गिरफ्तारी के लिए कोई भी जानकारी देने पर उसे पुरस्कृत किया जाएगा। गृह मंत्रालय (एमएचए) द्वारा मामले की जांच आतंकवाद विरोधी एजेंसी को सौंपने के तीन दिन बाद एनआईए ने इनाम की घोषणा की। विस्फोट स्थल पर एनआईए टीम के दौरे के बाद 3 मार्च को मामला एनआईए को सौंप दिया गया था।

यह भी पढे़ं: Rameshwaram Cafe Blast: पहले ऑर्डर की इडली, फिर टाइमर लगा छोड़ दिया IED बम वाला बैग; पढ़ें रामेश्वरम कैफे ब्लास्ट की पूरी कहानी

यह भी पढ़ें:  Rameshwaram Cafe Blast में NIA ने जारी की संदिग्ध की फोटो, जानकारी देने पर किया कैश देने का एलान