अनोखा ऑपरेशन: ब्रेन सर्जरी के दौरान मरीज बजाता रहा गिटार!
गिटार बजाने से पैदा होने वाले झटके के कारण मस्तिष्क के एक हिस्से में समस्या आ जाती है। ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर की मदद के लिए वह गिटार बजाता रहा।
बंगलुरू (जेएनएन)। इंजीनियर से संगीतकार बने 32 वर्षीय इस शख्स की साहसभरी कहानी हैरान करने वाली है। दरअसल तुषार (बदला हुआ नाम) गिटार बजाता है। उसे न्युरोलॉजिकल डिसऑर्डर है जिसके कारण उसके बायें हाथ की उंगलियों में ऐंठन होती है। बंगलुरू के सिटी अस्पताल में उसकी इस बीमारी का इलाज चल रहा था। हॉस्पिटल में चले सात घंटे के ऑपरेशन के बाद इस युवक को राहत मिली। चौंकाने वाली बात ये है कि ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर की मदद के लिए वह गिटार बजाता रहा।
उसने बताया कि, डेढ़ वर्ष पहले उसने पहली बार इस तरह की असामान्य और असहनीय ऐंठन का अनुभव किया था।ऑपरेशन प्रक्रिया के दौरान परेशानी वाले जगह का पता लगाने के लिए उसने गिटार बजाया। वरिष्ठ न्यूरोलॉजिस्ट डॉ संजीव सी ने कहा, "गिटार बजाने के दौरान ही उसे यह समस्या होती थी और यह पता लगाने के लिए उसे ये करना जरुरी था।" उन्होंने बताया कि गिटार बजाने से पैदा होने वाले झटके के कारण मस्तिष्क के एक हिस्से में समस्या आ जाती है। "एमआरआई के बाद मस्तिष्क में तीन जगहों का पता लगाया गया।
डॉक्टर ने एनेस्थेसिया देकर उसकी खोपड़ी में 14 मिमी का छेद कर सही स्थान का पता लगाने के लिए खास इलेक्ट्रोड को ब्रेन के अंदर पास किया था। तुषार ने बताया, "वह अब ठीक हो चुका है। मुझे आश्चर्य है कि मेरी उंगलियां ऑपरेशन टेबल पर जादुई रूप से चल रही थी। सर्जरी के अंत तक, मेरी उंगलियां काम करती रहीं। अब मैं तीन दिनों के भीतर फिर से गिटार बजा सकता हूं।"
यह भी पढ़ें : जोबट: मजदूरी और नमाज में आड़े आ रहा स्कूल का समय