बेंगलुरु में घर में फटा एलपीजी सिलिंडर, एक ही परिवार के 4 बच्चे समेत 6 लोग झुलसे
बेंगलुरु के विनायक लेआउट में शनिवार सुबह एलपीजी सिलिंडर लीक होने से भीषण आग लग गई। इस हादसे में एक ही परिवार के छह सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए।

एआई से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
बेंगलुरु में एलपीजी सिलिंडर लीक होने से लगी भीषण आग।
एक परिवार के छह सदस्य झुलसे, जिनमें चार बच्चे भी शामिल।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी, हालत खतरे से बाहर।
डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाली दुर्घटना सामने आ रही है। यहां शनिवार सुबह एक किराए के मकान में संदिग्ध रूप से एलपीजी सिलिंडर लीक होने के कारण भीषण आग लग गई। इस हादसे में एक ही परिवार के छह लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें चार छोटे बच्चे भी शामिल हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह हादसा शनिवार सुबह विनायक लेआउट इलाके में हुआ। मूल रूप से रायचूर के रहने वाले इस परिवार के छह सदस्य इस घर में किराए पर रह रहे थे।
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस ने बताया कि जब परिवार सुबह के समय खाना बना रहा था, उसी दौरान अचानक एलपीजी सिलिंडर से गैस लीक होने लगी और देखते ही देखते आग भड़क उठी।
इस दर्दनाक हादसे में घायल होने वालों की पहचान 40 वर्षीय करिलिंगप्पा, उनकी 42 वर्षीय पत्नी लक्ष्मम्मा, 11 साल की चैत्र, 9 साल के बसवा और 3 साल के जुड़वां बच्चों गीता और गिरिजा के रूप में हुई है।
अस्पताल में जारी है इलाज
घटना की सूचना मिलते ही चंद्र लेआउट पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। गनीमत यह रही कि डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर है।
