लक्ष्य के करीब पहुंचा बैंक नोट प्रेस, छाप दिए 410 करोड़ नोट
मध्य प्रदेश के देवास में बैंक नोट प्रेस (बीएनपी) से नोटों की छपाई को लेकर एक अच्छी खबर आई है। बीएनपी इस वित्तीय वर्ष में लक्ष्य के करीब पहुंच गया है।
आदर्श ठाकुर, देवास। मध्य प्रदेश के देवास में बैंक नोट प्रेस (बीएनपी) से नोटों की छपाई को लेकर एक अच्छी खबर आई है। बीएनपी इस वित्तीय वर्ष में लक्ष्य के करीब पहुंच गया है।
सूत्रों की मानें तो 2018-19 के लिए 4400 मिलियन (440 करोड़) नोट छापने का लक्ष्य मिला था। अब तक 4100 मिलियन (410 करोड़) से ज्यादा नोट छाप दिए गए हैं। 31 मार्च तक लक्ष्य से ज्यादा नोट छपने की उम्मीद है। यहां अभी 500 के नोटों की छपाई हो रही है। आवश्यकता अनुसार सौ और दो सौ रुपये के नोट भी छापे जा रहे हैं।
नोटबंदी में किया बेहतर काम तो बढ़ता गया लक्ष्य
नोटबंदी के बाद बीएनपी में पांच सौ रुपये का नया नोट छपना शुरू हुआ था। अधिक काम को देखते हुए रिटायर्ड कर्मचारियों के साथ सेना के जवानों की भी इसमें मदद ली गई। तब छुट्टी के दिनों में भी काम हुआ था। उस वित्तीय वर्ष की शुरुआत में बीएनपी को 3200 मिलियन (320 करोड़) नोट छापने का लक्ष्य मिला था, लेकिन कई यूनियनों से सहमति के बाद यह लक्ष्य 3600 मिलियन (360 करोड़) कर दिया गया था।
तेजी से काम होने से लक्ष्य पूरा हो गया। तब यह आंकड़ा 3913 मिलियन पहुंच गया था। इस कार्य को देखते हुए 2017-2018 के लिए चार हजार मिलियन नोट छापने का लक्ष्य दिया गया था। इसके बाद 2018-19 में करीब 4400 मिलियन नोट छापने का लक्ष्य मिला था।
पांच से लेकर पांच सौ तक के छपते हैं नोट
बीएनपी में 500 के नए नोटों के बाद पांच, 10, 20, 50, 100 व 200 के नोटों की भी छपाई की जाती है। यहां नोट उत्पादन वैल्यू के बजाय गिनती से होता है।