ड्रग तस्करी और टेरर फंडिंग से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बनीत सिंह तलवार गिरफ्तार, ED करेगी पूछताछ
ईडी ने बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थों की तस्करी और आतंकी वित्तपोषण से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बनीत सिंह ...और पढ़ें
-1792863423163_m.webp)
बनीत सिंह तलवार गिरफ्तार (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
ईडी ने बनीत सिंह तलवार को मनी लॉन्ड्रिंग में गिरफ्तार किया।
मामला नशीले पदार्थों की तस्करी और आतंकी वित्तपोषण से जुड़ा है।
अदालत ने बनीत को पांच दिन की ईडी हिरासत में भेजा।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ईडी ने बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े एक बड़े मामले में दिवंगत हरमिंदर सिंह के बेटे बनीत सिंह तलवार को शुक्रवार को मनी लांड्रिंग के तहत गिरफ्तार किया। शनिवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
ईडी की विज्ञप्ति के अनुसार, तलवार को शुक्रवार को पश्चिमी जिले की तीस हजारी अदालत के विशेष न्यायाधीश (पीएमएलए) के सामने पेश किया गया। अदालत ने उसे पांच दिन की ईडी हिरासत में भेज दिया।
ईडी ने अपनी जांच एनआईए की ओर से हरप्रीत सिंह तलवार और अन्य के खिलाफ दर्ज एफआईआर के आधार पर शुरू की थी। एनआईए अब तक छह आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है। इनमें आरोप लगाया गया है कि अफगानिस्तान, पाकिस्तान और दुबई से चलने वाले एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी सिंडिकेट के जरिए साजिश रची गई थी।
इस सिंडिकेट का मास्टरमाइंड विटेश कोसर उर्फ 'राजू दुबई है जोकि एक वांछित आरोपित है। इसके साथ पाकिस्तानी आइएसआइ एजेंट और अफगान नागरिक भी शामिल थे।
जांच में यह भी पता चला है कि मादक पदार्थों की अवैध बिक्री से प्राप्त 76 करोड़ रुपये की रकम हवाला के माध्यम से अफगानिस्तान भेजी गई, जिसका उपयोग आतंकी गतिविधियों के वित्तपोषण में किया गया।
ईडी की वित्तीय जांच में 89 करोड़ रुपये की अपराध से अर्जित आय का पता चला है। बनीत सिंह तलवार पर आरोप है कि वह उन कारोबारी संस्थाओं का प्रबंधन करता रहा, जिन पर उसके भाई हरप्रीत सिंह का नियंत्रण था। (समाचार एजेंसी IANS के इनपुट के साथ)
