चेन्नई, आइएएनएस। कोयंबटूर हवाईअड्डे पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने बांग्लादेश के नागरिक को गिरफ्तार किया, जिसने भारतीय पासपोर्ट और आधार कार्ड बनवा रखा था। भारत का राष्ट्रगान गाने में नाकाम रहने पर वह पकड़ा गया। उसके पासपोर्ट में कोलकाता का पता था, लेकिन इमिग्रेशन अधिकारियों को उसके कोयंबटूर आने के कारण पर संदेह हुआ। आरोपित अनवर हुसैन शाहजाह से कोयंबटूर पहुंचा था। अधिकारियों ने अनवर से पूछताछ की। वह प्रश्नों का ठीक से उत्तर देने में विफल रहा। जब उसे भारत का राष्ट्रगान गाने को कहा गया तो वह राष्ट्रगान नहीं गा सका।
पासपोर्ट अधिनियम के तहत आरोप लगाए गए
अनवर हुसैन ने स्वीकार किया कि वह बांग्लादेशी नागरिक हैं। उसे पिलामेडु पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया। उस पर विदेशी अधिनियम और पासपोर्ट अधिनियम के तहत आरोप लगाए गए हैं। केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने भी इस मामले की जांच शुरू कर दी है। अनवर को मंगलवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत के समक्ष पेश किया गया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

पुलिस के अनुसार वह पहली बार 2018 में तिरुपुर आया था। नवंबर 2020 तक वहां दर्जी के तौर पर काम किया। उसने कुछ एजेंटों से मुलाकात की और फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनवाया। इसके बाद उसने फर्जी आधार कार्ड और भारतीय पासपोर्ट बनवा लिया।
यह भी पढ़ें- घने कोहरे वाले दिन 154% तक बढ़ेंगे, क्लाइमेट चेंज के चलते उत्तर भारत में बढ़ेगी मुश्किल
यह भी पढ़ें- Fact Check: धीरेंद्र शास्त्री को Z+ सिक्योरिटी दिए जाने का बीबीसी के ट्वीट का स्क्रीनशॉट फेक है