छत्तीसगढ़ में हुक्का बार पर प्रतिबंध, अंग्रेजी शराब की 49 दुकानें होंगी बंद
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में शनिवार देर शाम को हुई कैबिनेट की बैठक में उक्त निर्णय लिया गया है।
रायपुर, जेएनएन। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश में हुक्का बार के संचालन पर प्रतिबंध लगा दिया है। शराबबंदी की ओर धीरे-धीरे बढ़ने का एक और संकेत देते हुए अंग्रेजी शराब की 49 दुकानों को बंद करने का निर्णय लिया है। धान पर गरम हुई सियासत को देखते हुए धान खरीद की तिथि भी पांच दिन बढ़ा दी गई है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में शनिवार देर शाम को हुई कैबिनेट की बैठक में उक्त निर्णय लिए गए। हुक्का बार को लेकर यह शिकायत मिल रही थी कि हुक्का बार में स्कूली छात्रों से लेकर नाबालिग बच्चों की मौजूदगी दिखती है। इससे समाज में गलत प्रभाव पड़ता है। शराबबंदी की ओर धीरे-धीरे कदम बढ़ाते हुए प्रदेश भर के 49 अंग्रेजी शराब की दुकानों को बंद करने का निर्णय भी लिया गया है। पिछले साल 50 शराब दुकानों को बंद किया गया था।
20 फरवरी तक की जाएगी धान की खरीद
कैबिनेट की बैठक में राज्य सरकार ने धान खरीदी की तारीख 5 दिन बढ़ा दी है। जानकारी के अनुसार अब 20 फरवरी तक धान की खरीदी की जायेगी। पहले राज्य सरकार ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की मियाद 15 फरवरी तक रखी थी।
पड़ोसी जिलों में भी खर्च की जाएगी राशि
बैठक में डीएमएफ फंड का विस्तार करने को भी आज मंजूरी दी गयी है। अब डीएमएफ फंड की राशि को दूसरे क्षेत्र में भी खर्च किया जा सकेगा। पहले ये शर्तें थी कि डीएमएफ फंड की राशि को उसी जिले में खर्च किया जाना है, लेकिन अब प्रभावित जिलों के साथ पड़ोसी जिलों में भी राशि को खर्च किया जा सकेगा।
बैठक में वर्ष 2019-20 का तृतीय अनुपूरक अनुमान का विधानसभा में उपस्थापन बावत् छत्तीसगढ़ विनियोग विधेयक, 2020 का अनुमोदन किया गया। बजट अनुमान वर्ष 2020-21 का विधानसभा में उपस्थापन बावत् छत्तीसगढ़ विनियोग विधेयक, 2020 का अनुमोदन किया गया।