कोरोना के मामले आने पर सांसदों के निजी कर्मचारियों के संसद परिसर में प्रवेश पर लगा प्रतिबंध
कोविड-19 महामारी को ध्यान में रखते हुए सांसदों के निजी कर्मचारियों का संसद भवन में प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। कोविड-19 महामारी को ध्यान में रखते हुए सांसदों के निजी कर्मचारियों का संसद भवन में प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। लोकसभा सचिवालय ने गुरुवार को यह जानकारी दी। लोकसभा महासचिव स्नेहलता श्रीवास्तव ने एक आदेश में कहा है कि सत्र चलने के दौरान संसद सदस्यों के 800 से ज्यादा निजी सहायकों की मौजूदगी स्थिति को विकट बना सकती है।
पार्लियामेंट एनेक्सी बिल्डिंग के दो फ्लोर सील
अपने आदेश में उन्होंने कहा, 'शारीरिक दूरी नियम का पालन करते हुए सांसदों के निजी सहायकों का संसद के भीतर अगले आदेश तक प्रवेश प्रतिबंधित रखने का फैसला लिया गया है।' लोकसभा सचिवालय ने सेवानिवृत्त अधिकारियों, निजी अतिथियों और संयुक्त सचिव से नीचे के अधिकारियों के विजिटर्स प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। संसद परिसर में चार अधिकारियों के कोविड-19 जांच में पॉजिटिव पाए जाने के बाद यह कदम उठाया गया है। पार्लियामेंट एनेक्सी बिल्डिंग के दो फ्लोर सील किए गए और पूरा परिसर सैनिटाइज किए जाने के बाद खोला गया।
लोकसभा नियंत्रण कक्ष को मिले 1000 अनुरोध
नई दिल्ली, एएनआइ : लोकसभा नियंत्रण कक्ष को 27 अप्रैल से 31 मई के बीच 1000 अनुरोध मिले और कम से कम 11000 लोगों की मदद की गई। 21 अप्रैल को लोकसभा अध्यक्ष ने राज्य विधानमंडल के पीठासीन अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंस में नियंत्रण कक्ष स्थापित करने की घोषणा की थी। लोकसभा सचिवालय में बना नियंत्रण कक्ष सांसदों, विधायकों और लोगों के बीच कोविड-19 के खिलाफ संघर्ष में आपात सहायता के लिए त्वरित संपर्क मुहैया कराता है।