पंजाब AAP सांसदों की ऑडियो क्लिप वायरल होने को पार्टी ने बताया साजिश
सोशल मीडिया पर आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद भगवंत मान व पार्टी से निलंबित सांसद धर्मवीर गांधी के बीच हुई बातचीत का आडियो वायरल होने के बाद आप नेता संजय सिंह ने इस पर सफाई दी है।विरोधियों की साजिश बताते हुए संजय सिंह ने कहा है कि इस ऑडियो
नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद भगवंत मान व पार्टी से निलंबित सांसद धर्मवीर गांधी के बीच हुई बातचीत का आडियो वायरल होने के बाद आप नेता संजय सिंह ने इस पर सफाई दी है।विरोधियों की साजिश बताते हुए संजय सिंह ने कहा है कि इस ऑडियो में लोगों की कोई दिलचस्पी नहीं है। आप को बदनाम करने के लिए इस ऑडियो क्लिप के साथ छेड़छाड़ की गई है।
वहीं, इस ऑडियो के बाद से मान भी पार्टी हाईकमान से खफा नजर आ रहे हैं। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि आवाज मान की ही है। इसके बारे में आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता।
डॉ. गांधी लंबे समय से पंजाब में पार्टी की राजनीति को दिल्ली से संचालित किए जाने का विरोध करते रहे हैं। इसी विरोध के कारण उन्हें कुछ दिनों पहले पार्टी से निलंबित कर दिया गया है।
आडियो टेप में मान व डॉ. गांधी की बातचीत में दिल्ली से पंजाब की राजनीति को संचालित करने, पंजाब के चारों सांसदों को नजरअंदाज कर राज्य की बागडोर को अनजान लोगों के हाथ में सौंपे जाने का विरोध किया गया है। बातचीत में मान अपनी भड़ास निकाल रहे हैं, जबकि गांधी उनकी हां में हां मिला रहे हैं। वह कह रहे हैं कि पंजाब में जो लोग जीते हैं वह अपनी छवि से जीते हैं। किसी ने पार्टी के नाम पर वोट नहीं दिया।
उनका कहना है कि पंजाब की तुलना दिल्ली से नहीं की जा सकती, क्योंकि दिल्ली में पार्टी का मुकाबला सिर्फ भाजपा से था, जबकि पंजाब में कांग्रेस भी चुनौती है। उनका कहना है कि हमको मिलजुल कर दिल्ली में बैठे लोगों को पंजाब की हकीकत बतानी चाहिए कि हमें अपनी टीम बनाने का अधिकार दिया जाए। हालांकि इस संबंध में सांसद भगवंत मान का पक्ष जानने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
वहीं, डॉ. गांधी ने इस फोन रिकार्डिंग के सार्वजनिक होने को राजनीतिक साजिश बताया है। गुस्से का इजहार करते हुए सांसद गांधी ने कहा कि अब तो हद हो गई कि सांसद के फोन भी टैप होने शुरू हो गए। मेरी सांसद मान से यह बातचीत कई माह पहले की है, जिसे अब सामने लाने का कोई औचित्य ही नहीं है।