भारत की 54 फीसद आबादी ले चुकी है कोरोना वैक्सीन की कम से कम एक डोज
कोरोना महामारी से बचाव के लिए देश में जारी कोविड-19 वैक्सीनेशन अभियान के तहत अब तक 16 फीसद आबादी को वैक्सीन की दोनों डोज लगाई जा चुकी है। वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बताया गया है कि नए मामलों में वृद्धि हो रही है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। केंद्र सरकार की ओर से दावा किया गया कि भारत की 16 फीसद वयस्क आबादी को कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज मिल गई हैं। वहीं 54 फीसद आबादी को कम से कम एक डोज मिल गई है। देश में अब तक 67 करोड़ से अधिक टीके लगाए जा चुके हैं। साथ ही नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) वीके पाल ने उन सभी लोगों से वैक्सीन लेने का आग्रह किया है जिन्होंने अब तक एक भी डोज नहीं ली है।
शिक्षा मंत्रालय ने दी ये जानकारी-
देश के अधिकांश राज्यों में 1 सितंबर से स्कूलों को खोल दिया गया है। इसके मद्देनजर गुरुवार को शिक्षा मंत्रालय के अधिकारी ने बताया कि देश के करीब 80 फीसद शिक्षकों एवं गैर शिक्षक कर्मियों वैक्सीन की पहली डोज मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि देशभर में विद्यालयों को खोलने में जो विभिन्न कारक भूमिका निभाएंगे, उनमें एक शिक्षकों का वैक्सीनेशन भी होगा। मंत्रालय राज्य सरकारों के साथ मिलकर इस विषय पर गहनता से काम कर रहा है।
वैक्सीनेशन का आंकड़ा
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने वैक्सीनेशन का आंकड़ा जारी किया और बताया कि देश में 67 करोड़ से अधिक वैक्सीन लगाई जा चुकी है। अगस्त महीने में 18.38 करोड़ वैक्सीन की डोज दी गई। 27 अगस्त और 31 अगस्त को क्रमश: एक-एक करोड़ से अधिक वैक्सीन लगाई गई। पूरे महीने में औसतन हर दिन 59.29 लाख वैक्सीन लगाई गई। वहीं पिछले सात दिन में हर दिन औसत 80.27 लाख डोज लोगों को दी गई। स्वास्थय सचिव ने बताया कि सिक्किम, दादरा और नगर हवेली और हिमाचल प्रदेश में सभी वयस्क आबादी को वैक्सीन की कम से कम एक डोज मिली है।
भूषण ने बताया कि 99 फीसद स्वास्थ्य कर्मियों को पहली डोज और 84 फीसद स्वास्थ्य कर्मियों को दोनों डोज दी जा चुकी हैं। इसी तरह अग्रिम पंक्ति के सौ फीसद कर्मियों को पहली और 80 फीसद को दोनों डोज दी जा चुकी हैं।
देश में फिलहाल 3.89 लाख सक्रिय मामले
करीब दो माह के अंतराल के बाद कोरोना के मामलों में तेज वृद्धि देखने को मिली है। गुरुवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देशभर में 24 घंटों में कोरोना के 47,092 नए मामले सामने आने से कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,28,57,937 हो गई है। पिछली बार 63 दिन पूर्व पहली जुलाई को 48,786 मामले सामने आए थे। देश में सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 3,89,583 हो गई है। नए मामलों में 32,097 केस अकेले केरल के हैं। बीते 24 घंटों में राज्य में 188 लोगों की जान भी गई है। केरल में अब तक 41 लाख से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं। केरल में कोरोना के हालात फिलहाल काबू होते नजर नहीं आ रहे हैं।