जुबीन गर्ग मौत मामला: संदीपन और अमृतप्रभा की जमानत के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाएगी असम पुलिस, एसआईटी प्रमुख ने की पुष्टि
असम पुलिस दिवंगत गायक जुबीन गर्ग की मौत के मामले में संदीपन गर्ग और अमृतप्रभा महंत को गुवाहाटी हाई कोर्ट से मिली जमानत को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देगी।

संदीपन-अमृतप्रभा की जमानत के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाएगी असम पुलिस

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, गुवाहाटी। दिवंगत गायक जुबीन गर्ग की मौत मामले में संदीपन गर्ग और अमृतप्रभा महंत को गुवाहाटी हाई कोर्ट से मिली जमानत को असम पुलिस सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देगी।
सीआईडी के विशेष डीजीपी और एसआईटी प्रमुख मुन्ना प्रसाद गुप्ता ने रविवार को बताया कि अदालतों की छुट्टियां खत्म होते ही अपील दाखिल की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में रोजाना हो रही है। अब तक 134 गवाहों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं।
गुवाहाटी हाई कोर्ट ने असम पुलिस के निलंबित डीएसपी और जुबीन के चचेरे भाई संदीपन गर्ग को शुक्रवार को जमानत दी थी। इससे पहले नौ अक्टूबर को जुबीन की सह-गायिका अमृतप्रभा महंत को जमानत मिली थी। वह इस मामले में जमानत पाने वाली पहली आरोपित थीं।
जुबीन की मौत के मामले में दोनों आरोपितों को असम पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने गिरफ्तार किया था। जुबीन की 19 सितंबर 2025 को सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान मौत हो गई थी।
(न्यूज एजेंसी एएनआई के इनपुट के साथ)
