Assam: बाढ़ के पानी में फंसे लोगों की मदद को आगे आई भारतीय सेना
मौसम विभाग ने देश के उत्तर-पूर्वी राज्यों (नगालैंड मणिपुर मिजोरम त्रिपुरा अरुणाचल प्रदेश असम और मेघालय) में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
दिसपुर,एएनआइ। असम में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। मंगलवार को असम में हुई बारिश से हालात गंभीर हो गए हैं। इसकी वजह से राज्य के कई जिलों के करीब 62 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। राज्य में अब भारतीय सेना के जवानों ने कमान संभाल ली है। तस्वीरें सामने आई है, जिसमें जवानों द्वारा चिरांग जिले के रुनीखाटा इलाके में बाढ़ के पानी में फंसे स्थानीय लोगों को बचाया जा रहा है।
Assam: Jawans of Indian Army rescued locals who were stuck in flood water in Runikhata area of Chirang district, earlier today. pic.twitter.com/yW1F48n62z
— ANI (@ANI) July 11, 2019
असम राज्य आपदा मोचन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के मुताबिक राज्य के 145 गांव पानी में डूबे हुए हैं और 3,435 हैक्टेयर फसल क्षेत्र को नुकसान हुआ है। मौसम विभाग की भविष्यवाणी के बाद यहां पर हालात और बिगड़ सकते हैं। फिलहाल राज्य में बाढ़ से धेमाजी, लखीमपुर, विश्वनाथ, बारपेटा, चिरांग, गोलाघाट, जोरहाट और डिब्रूगढ़ जिलों में करीब 62,400 लोग प्रभावित हुए हैं।
प्राधिकरण ने दो जिलों में पांच राहत शिविर एवं वितरण केंद्र शुरू किए हैं। इनमें सैकड़ों लोग शरण लिए हुए हैं। असम के जिलों में कई इलाकों में तटबंधों, सड़कों, पुलों, पुलियाओं और अन्य ढांचों को नुकसान हुआ है।