भाजपा के 'विजन डॉक्यूमेंट' के खिलाफ असम गण परिषद का प्रदर्शन
दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए जारी किए गए भारतीय जनता पार्टी के 'विजन डॉक्यूमेंट' में पूर्वोत्तर के लोगों को 'प्रवासी' लिखे जाने पर छिड़ा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। गोवहाटी में अब असम गण परिषद(एजीपी) के सदस्य भाजपा के विजन डॉक्यूमेंट के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने उतर
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए जारी किए गए भारतीय जनता पार्टी के 'विजन डॉक्यूमेंट' में पूर्वोत्तर के लोगों को 'प्रवासी' लिखे जाने पर छिड़ा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। गोवहाटी में अब असम गण परिषद(एजीपी) के सदस्य भाजपा के विजन डॉक्यूमेंट के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने उतर गए हैं।
प्रदर्शन कर रहे असम गण परिषद के सदस्यों ने शर्ट नहीं पहन रखी है और उन्होंने बैनर से अपने शरीर का निचला भाग ढंक रखा है। इससे पहले गोवहाटी में ही बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के विजन डॉक्यूमेंट के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था।
गौरतलब है कि दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए मंगलवार को जारी भारतीय जनता पार्टी के विजन डॉक्यूमेंट में राष्ट्रीय राजधानी में रहने वाले पूर्वोत्तर के लोगों के लिए 'प्रवासी' (इमिग्रेंट्स) लिखे जाने से विवाद खड़ा हो गया था। कांग्रेस ने बीजेपी से माफी मांगने और शब्दों को हटाने की मांग की थी। विजन डॉक्यूमेंट में एक जगह पर लिखा था, 'पूर्वोत्तर के प्रवासियों (इमिग्रेंट्स फ्रॉम नॉर्थ-ईस्ट) को संरक्षण प्रदान किया जाएगा। इसमें पूर्वोत्तर के 'प्रवासियों' के संरक्षण के लिए सभी थानों में विशेष प्रकोष्ठ और 24 घंटे का हेल्पलाइन नंबर देने की बात की गई है।'
हालांकि 'विजन डॉक्यूमेंट' में पूर्वोत्तर के लोगों को 'प्रवासी' लिखे जाने पर भारतीय जनता पार्टी खेद प्रकट कर चुकी है। भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने इसे अनचाही गलती माना है, लेकिन इस पर विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। केंद्रीय दूरसंचार मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बुधवार को कहा कि यह असावधानीवश हुई गलती थी, जिसे सुधार लिया गया है। हमने विजन डॉक्यूमेंट के उस पन्ने को फिर से छपवाया है जिसमें पूर्वोत्तर के लोगों को प्रवासी लिखा गया था।
इसे भी पढ़ें: विजन डॉक्यूमेंट: हर महीने दिल की बात करेंगे
इसे भी पढ़ें: भाजपा ने 'विजन डॉक्यूमेंट' में पूर्वोत्तर के लोगों को 'प्रवासी' लिखने की गलती सुधारी