आसियान देशों ने हटाया नीम से प्रतिबंध
आसियान देशों में नीम और इससे बने उत्पादों के आयात पर लगा प्रतिबंध हटा लिया गया है। इससे भारतीय आयुर्वेदिक उत्पादों के इन देशों में कारोबार को तो फिर से इजाजत मिलेगी ही, विदेशों में नीम को ले कर फैल रही गलतफहमी भी दूर हो सकेगी। आशियान देशों के उत्पाद कार्य समूह [पीडब्लूजी] ने तय किया है कि नीम और
नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। आसियान देशों में नीम और इससे बने उत्पादों के आयात पर लगा प्रतिबंध हटा लिया गया है। इससे भारतीय आयुर्वेदिक उत्पादों के इन देशों में कारोबार को तो फिर से इजाजत मिलेगी ही, विदेशों में नीम को ले कर फैल रही गलतफहमी भी दूर हो सकेगी।
आशियान देशों के उत्पाद कार्य समूह [पीडब्लूजी] ने तय किया है कि नीम और इससे बने उत्पाद प्रतिबंधित सूची से हटा लिए जाएंगे। हालांकि इसे अब भी सीमित इस्तेमाल वाली सूची में रखा गया है। यानी स्वास्थ्य मंत्रालय के आयुष विभाग की ओर से तैयार की गई 'भारतीय आयुर्वेदिक फार्मोकोपिया' के अनुसार तय मात्रा में इसका इस्तेमाल उत्पादों में किया जा सकेगा। बैंकाक में शुक्रवार को समाप्त हुई इसकी बैठक के दौरान कार्य समूह के सामने स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से नीम के औषधीय गुणों के बारे में प्रकाशित सभी शोध और वैज्ञानिक तथ्य पेश किए गए। सिंगापुर और मलेशिया ने भी नीम से प्रतिबंध हटाने की मांग का समर्थन किया। 'दैनिक जागरण' ने एक सितंबर को छपी खबर में बताया था कि सेहत का खजाना माने गए नीम पर ही आसियान देशों ने प्रतिबंध लगा दिया था।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर